चंदौली में 1198 वाहनों पर कार्रवाई, 20.16 लाख जुर्माना

त्योहारों में यातायात का दबाव बढ़ने के कारण नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा सकती है। चालान के साथ नियमित निगरानी और जागरूकता जरूरी है, ताकि सड़क सुरक्षा केवल कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि नागरिकों की आदत बने।

चंदौली। नवरात्रि और दुर्गापूजा के मद्देनजर चंदौली पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। 17 और 18 अक्टूबर को चलाए गए अभियान में 1,198 वाहनों का चालान कर 20 लाख 16 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस और जनपदीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने जिले के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की जांच की। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना था।

चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने, शराब पीकर वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने और दोषपूर्ण नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।

पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।