विधान परिषद चुनाव : मतदान से पहले चेक करें अपना बूथ, 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक वोटिंग
मतदान केंद्र और मतदाता सूची की क्रम संख्या पहले से जान लेने पर चुनाव के दिन अनावश्यक भागदौड़ से बचा जा सकता है। मतदाता समय रहते अपनी जानकारी की पुष्टि करें और वैध पहचान दस्तावेज साथ रखें, ताकि मतदान प्रक्रिया सुगम रहे।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव में मतदान के लिए निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को ऑनलाइन सुविधा दी है। अब मतदाता घर बैठे अपने मतदेय स्थल और मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर उपलब्ध “Search your polling station by name for Graduate and Teacher Constituency” विकल्प पर क्लिक करना होगा।
इसके बाद संबंधित स्नातक या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और जनपद का चयन कर मतदाता अपना नाम, संबंधी का नाम अथवा उपलब्ध नाम संबंधी विकल्पों में जानकारी दर्ज करेंगे। कैप्चा कोड भरने के बाद मतदेय स्थल और मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी मिल जाएगी।
मतदान के दौरान मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अभाव में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से किसी एक के माध्यम से पहचान प्रमाणित की जा सकती है।
मान्य वैकल्पिक दस्तावेजों में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट और सरकारी या संबंधित संस्थानों द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र शामिल हैं। इसके अलावा सांसद, विधायक एवं पार्षद का सरकारी पहचान-पत्र, संबंधित शैक्षणिक संस्था का सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी का मूल दिव्यांगता प्रमाण-पत्र तथा यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड भी मान्य होंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान से पहले ऑनलाइन अपने मतदेय स्थल और क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त कर लें। निर्धारित पहचान दस्तावेज साथ लेकर मतदान केंद्र पहुंचें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।