अलीनगर में गौमांस परिवहन मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों में से एक को गिरफ्तार किया है। अब बरामदगी से जुड़े साक्ष्यों और आरोपियों की भूमिका के आधार पर जांच आगे बढ़ेगी। मामले में आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा

इनोवा से 6.5 कुंतल गौमांस और दो चापड़ था बरामद, दो आरोपी हुए थे फरार
चंदौली। अलीनगर पुलिस ने इनोवा वाहन से 6 कुंतल 50 किलोग्राम गौमांस बरामदगी के मामले में वांछित मो. राशिद कुरैशी (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे 20 अक्टूबर को सुबह 9:35 बजे मुगलसराय के कसाब मोहल्ला स्थित स्लाटर हाउस के पास से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को अलीनगर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक इनोवा वाहन को रोककर तलाशी ली थी। इस दौरान वाहन से 6 कुंतल 50 किलोग्राम गौमांस और दो चापड़ बरामद हुए थे। पुलिस ने मौके से फैयाज कुरैशी को गिरफ्तार किया था, जबकि वाहन चालक गुड्डू और मो. राशिद कुरैशी फरार हो गए थे।
इस मामले में थाना अलीनगर में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मो. राशिद कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युसुफ कुरैशी उर्फ इशू का पुत्र और कसाई मोहल्ला उर्फ कसाब मोहल्ला, थाना मुगलसराय, चंदौली का निवासी है।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 640/26 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/5बी/8, आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 तथा बीएनएस की धारा 109(1)/3(5) में अभियोग दर्ज किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल विकास सिंह शामिल रहे।
रिपोर्ट। रतन लाल