नमो घाट एयर शो को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी जाने पर रोक

22, 24 और 25 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से लागू रहेंगे यातायात प्रतिबंध, पड़ाव क्षेत्र में बनाए गए पार्किंग स्थल

चंदौली, 21 अक्टूबर। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था का प्लान जारी किया है। एयर शो के दौरान भीड़ नियंत्रण और वाहनों के सुचारु आवागमन के लिए राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात प्रतिबंध निर्धारित तिथियों में सुबह आठ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेंगे।

एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को पड़ाव स्थित एसटीएमआर जयपुरिया स्कूल में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की उपस्थिति में रूट मैप, पार्किंग स्थलों, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई। अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

राजघाट और सामने घाट पुल से जाने से बचें वाहन चालक

प्रशासन ने चंदौली के मुगलसराय और अलीनगर थाना क्षेत्र से वाराणसी जाने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वे राजघाट और सामने घाट पुल का इस्तेमाल करने से बचें। ऐसे वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। वाराणसी के बाबतपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और अन्य जनपदों की ओर जाने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें एयर शो में शामिल नहीं होना है, वे एनएच-19 और रिंग रोड का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचें।

दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग

एयर शो देखने आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से बहादुरपुर रोड की ओर निर्धारित मार्ग तय किया गया है। दोपहिया वाहन चालक इसी मार्ग से निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचकर अपने वाहन खड़े करेंगे।

वहीं, बिहार, चंदौली और अन्य जनपदों से आने वाले चारपहिया वाहन रिंग रोड के रास्ते पंचपेड़वा पहुंचेंगे। वहां से अलीनगर होते हुए मुगलसराय की ओर निर्धारित मार्ग से पड़ाव क्षेत्र में पहुंचकर आवंटित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करेंगे।

चारपहिया वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एसआरएन स्कूल के पीछे स्थित मैदान निर्धारित किए गए हैं। दोपहिया वाहनों के लिए एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सड़क, मुख्य मार्ग और प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी है।

पार्किंग भरने पर रामनगर के लंका मैदान भेजे जाएंगे वाहन

पड़ाव क्षेत्र के निर्धारित पार्किंग स्थल भर जाने की स्थिति में बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को वाराणसी के रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। वाहन चालकों को यातायात पुलिस के निर्देशों के अनुसार निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। पार्किंग की उपलब्धता और यातायात की स्थिति के अनुसार पुलिस आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगी।

बैरियर और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का करें पालन

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में यातायात प्रतिबंधों का पालन करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। मार्ग में लगे बैरियर, यातायात संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। साथ ही, एम्बुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराएं।

अधिकारियों ने एयर शो के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और दर्शकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, यातायात प्रभारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।