मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कैशलेस इलाज, सप्ताह भर में अपलोड होगा विवरण
मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ने के लिए नया पोर्टल महत्वपूर्ण पहल है। एक सप्ताह में विवरण अपलोड करने के निर्देश से पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

चंदौली, 27 अक्टूबर। मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज हो गई है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत विकसित नए पोर्टल को गो-लाइव करने की सहमति दे दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
सूचना निदेशालय के सभागार में मंगलवार को सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और आवेदन से लेकर आयुष्मान कार्ड जारी करने तक की प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। प्रशिक्षण में मुख्यालय और प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन, सत्यापन तथा कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। इसके बाद सूचना निदेशक ने पोर्टल को गो-लाइव करने की सहमति प्रदान की।
एक सप्ताह में पूरी करनी होगी प्रक्रिया
सूचना निदेशक ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी सभी औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

उन्होंने जिला स्तर के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पोर्टल पर विवरण अपलोड करने के बाद मुख्यालय को अवगत कराएं, जिससे आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जा सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।