तकनीक से खोज निकाले 111 गुम मोबाइल, दीपावली पर चंदौली पुलिस ने बांटी खुशियां
तकनीक को जनसेवा का हथियार बनाकर चंदौली पुलिस ने 111 परिवारों की खुशियों को फिर से लौटाया है। वर्ष 2026 में 630 मोबाइल की बरामदगी और 1.85 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति की वापसी महज आंकड़ा नहीं, बल्कि सक्रिय पुलिसिंग, तकनीकी दक्षता और नागरिकों के प्रति जवाबदेही का प्रमाण है। दीपावली पर यह पहल संदेश देती है कि पुलिस की सफलता केवल अपराधियों पर कार्रवाई में नहीं, बल्कि आम आदमी की खोई उम्मीद लौटाने में भी निहित है।

चंदौली। किसी का मोबाइल फोन गुम होना महज एक उपकरण खोना नहीं, बल्कि उसमें सहेजी यादों, जरूरी दस्तावेजों, संपर्कों और मेहनत की कमाई से जुड़ी उम्मीदों का खो जाना भी है। ऐसे में दीपावली के अवसर पर चंदौली पुलिस ने 111 लोगों को उनकी खोई अमानत लौटाकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में स्वाट, सर्विलांस और जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने तकनीक का सहारा लेकर 33 लाख 30 हजार रुपये कीमत के 111 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस लाइन के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इन मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा गया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनसुनवाई के दौरान मोबाइल गुम होने से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए उनकी बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद सीईआईआर (CEIR) पोर्टल से प्राप्त तकनीकी जानकारियों के आधार पर विभिन्न थानों की पुलिस टीमों तथा स्वाट/सर्विलांस टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिसकर्मियों ने लगातार प्रयास और तकनीकी निगरानी के जरिए विभिन्न स्थानों से 111 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद कर लिए।
शनिवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए यह पल किसी बड़ी सौगात से कम नहीं था। मोबाइल हाथ में आते ही लोगों के चेहरे खिल उठे। लाभार्थियों ने चंदौली पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।
मुगलसराय में सर्वाधिक 22 मोबाइल बरामद
थानावार बरामदगी में मुगलसराय पुलिस ने सर्वाधिक 22 मोबाइल फोन बरामद किए। सकलडीहा से 19, चंदौली से 16, चकिया से 12, बबुरी से 9, चकरघट्टा से 7, शहाबगंज से 6, धानापुर से 4, धीना से 4, कंदवा से 4, इलिया से 3, सैयदराजा से 3, बलुआ से 1 और नौगढ़ से 1 मोबाइल बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 111 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाए गए।
2026 में 630 मोबाइल बरामद, 1.85 करोड़ की संपत्ति लौटाई
खोए मोबाइल की बरामदगी के अभियान में चंदौली पुलिस ने वर्ष 2026 में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। इस वर्ष अब तक छह चरणों में कुल 630 गुम या खोए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये है।
इससे पहले 3 मार्च को 75 मोबाइल (16 लाख रुपये), 20 अप्रैल को 121 मोबाइल (36.30 लाख रुपये), 3 जून को 111 मोबाइल (33.30 लाख रुपये), 28 जुलाई को 111 मोबाइल (35.20 लाख रुपये) और 8 सितंबर को 101 मोबाइल (31 लाख रुपये) बरामद किए गए थे। अब 7 नवंबर को 111 मोबाइल की बरामदगी के साथ यह आंकड़ा 630 तक पहुंच गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज, आनंद सिंह, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश पटेल, दीपक मिश्रा, आदित्य पाण्डेय, प्रेम प्रकाश यादव, मंटू सिंह तथा कांस्टेबल नीरज कुमार तिवारी, अजीत कुमार सिंह, अमित सिंह, महेश यादव, मनीष कुमार, गणेश तिवारी, मनोज यादव और संदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोबाइल खोने पर न घबराएं, अपनाएं ये तरीका
चंदौली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर घबराने के बजाय तत्काल भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल www.sancharsaathi.gov.in पर जाकर सीईआईआर के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। इसके अतिरिक्त नजदीकी सीएससी केंद्र, संबंधित पुलिस थाने अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर सहायता प्राप्त करें। मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखें और मोबाइल खोने की स्थिति में इसे पुलिस को उपलब्ध कराएं।