चकिया पुलिस ने पांच जुआरियों को दबोचा, 45.6 हजार रुपये नगद और ताश के पत्ते बरामद
सार्वजनिक स्थान पर चल रहे जुए के खेल पर चकिया पुलिस की कार्रवाई ने पांच आरोपितों को सलाखों तक पहुंचाने का रास्ता खोल दिया। 45,670 रुपये और 52 ताश के पत्तों की बरामदगी के साथ पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

चंदौली। चकिया में सार्वजनिक स्थान पर चल रहे जुए के खेल का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए पांच जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। चन्द्रावती नाला के पास खाली खेत में सज रही जुए की महफिल पर पुलिस की घेराबंदी और छापेमारी से खलबली मच गई। मौके से पुलिस ने 45,670 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। सभी आरोपितों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चकिया पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चन्द्रावती नाला के पास खाली खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे पांच लोगों को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से जुए के फड़ पर रखे 7,170 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। वहीं, आरोपितों की जामा तलाशी में 38,500 रुपये मिले। इस प्रकार कुल 45,670 रुपये की नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजेश चौहान (38), बाबूलाल उर्फ बबलू सोनकर (45) और चन्दन सोनकर (35), निवासी वार्ड नंबर-03 शमशेर नगर तथा दरोगा चौहान (30) और राहुल शर्मा (38), निवासी वार्ड नंबर-05 मां काली नगर, थाना चकिया के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना चकिया पर मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल दीपक यादव, सुहेल अहमद तथा कांस्टेबल राकेश यादव, आदर्श सिंह, शुभम तिवारी, ऋषभराज पाल और सुमित मिश्रा शामिल रहे।