हजारों विद्यार्थियों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ, हेलमेट-सीट बेल्ट और सावधानी जरूरी
सड़क पर बरती गई थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां उजाड़ सकती है, जबकि थोड़ी सी सावधानी अनमोल जिंदगी बचा सकती है। इसी सोच के साथ चंदौली पुलिस ने यातायात माह के तहत स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। साथ ही हादसे में घायल की मदद करने वालों को कानूनी सुरक्षा और पीड़ितों को कैशलेस उपचार दिलाने वाली योजनाओं की जानकारी देकर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

सड़क हादसे में घायल की मदद करने पर नहीं होगी परेशानी, चंदौली पुलिस ने बताईं पीएम-राहत और राहवीर योजना
मुगलसराय, चंदौली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चंदौली पुलिस ने यातायात माह के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में गुरुवार को मुगलसराय के एसजी पब्लिक स्कूल और महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें कुल लगभग 1400 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और दुर्घटना पीड़ितों की मदद से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
एसजी पब्लिक स्कूल में क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा और प्रभारी निरीक्षक यातायात प्रथम सत्यप्रकाश यादव ने लगभग 1000 छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। वहीं प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वितीय सुरेंद्र यादव ने महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में लगभग 400 विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। सड़क पार करते समय दोनों तरफ देखकर सावधानी बरतने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता समझाई गई। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की भी हिदायत दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने पर विशेष जोर दिया। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे खुद यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता, परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का संदेश देकर परिवार और समाज तक जागरूकता की मजबूत कड़ी तैयार करना है।
घायल की मदद करने पर नहीं होगी कानूनी परेशानी
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर उपचार दिलाने और मददगार नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए पीएम-राहत तथा राहवीर योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
पीएम-राहत योजना के तहत डेढ़ लाख तक कैशलेस इलाज
पीएम-राहत योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना है। इसके तहत पात्र दुर्घटना पीड़ितों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) से संबद्ध अस्पतालों में 1.5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। अधिकतम सात दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहकर उपचार कराने की व्यवस्था है। इसका मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर यानी शुरुआती महत्वपूर्ण समय में घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। हिट एंड रन के मामले भी इस योजना में शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना होने पर घायल को तत्काल नजदीकी आयुष्मान संबद्ध अस्पताल पहुंचाना चाहिए और अस्पताल में पीएम-राहत योजना के तहत उपचार की जानकारी देनी चाहिए। घायल का इलाज प्राथमिकता है।
राहवीर योजना: मददगार को मिलेगी कानूनी सुरक्षा
राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की निस्वार्थ मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाता है। इसके तहत मददगार से अस्पताल प्रशासन अनावश्यक पूछताछ नहीं कर सकता। उसे पुलिसिया या कानूनी कार्रवाई के नाम पर परेशान नहीं किया जाएगा। मददगार की पहचान गोपनीय रखने और उसे आवश्यक कानूनी एवं वित्तीय सुरक्षा देने का प्रावधान है। दुर्घटना पीड़ित की जान बचाने वाले नागरिकों को जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जा सकता है।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को देखकर आगे न बढ़ें, बल्कि निसंकोच उसकी मदद करें। तत्काल एंबुलेंस, अस्पताल और पुलिस को सूचना दें। किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में डायल 112 या चंदौली पुलिस नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है।
चंदौली पुलिस की अपील
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल, नियंत्रित गति और वाहन चलाते समय सतर्कता जीवन रक्षा के सबसे महत्वपूर्ण उपाय हैं। सड़क पर आपकी थोड़ी सी सावधानी न केवल आपकी, बल्कि दूसरे परिवारों की खुशियां भी सुरक्षित रख सकती है।