अशोक इंटर कॉलेज बबुरी की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल, 22 बिंदुओं की शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, अभिभावकों में आक्रोश
अशोक इंटर कॉलेज केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र के गरीब परिवारों की शैक्षणिक उम्मीदों का केंद्र रहा है। ऐसे संस्थान में शिक्षा से अधिक प्रबंधन के विवाद और अनियमितताओं के आरोप सामने आना चिंताजनक है। 22 बिंदुओं की शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप शिक्षा विभाग की जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है। अब जरूरत है कि शासन मामले की निष्पक्ष जांच कराए, ताकि विद्यालय की गरिमा बचे और विद्यार्थियों का भविष्य प्रबंधन संबंधी विवादों की भेंट न चढ़े।

चंदौली, बबुरी। क्षेत्र के प्रतिष्ठित अशोक इंटर कॉलेज की बदहाल होती शिक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विद्यालय में कथित लूट-खसोट, मनमानी, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के उत्पीड़न और अराजकता के माहौल को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। अभिभावकों का आरोप है कि जिला विद्यालय निरीक्षक को 22 बिंदुओं पर शिकायत सौंपने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका गहराने लगी है।
अभिभावकों ने बताया कि पूर्व सांसद स्वर्गीय बालकृष्ण जी के अथक प्रयासों से इस विद्यालय की स्थापना क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा का बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से की गई थी। कभी क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाला यह संस्थान आज कथित अव्यवस्थाओं और प्रबंधन संबंधी विवादों के कारण सवालों के घेरे में है।
आरोप है कि विद्यालय के प्रबंधक कथित फर्जी ट्रस्ट के माध्यम से विद्यालय की व्यवस्था पर अपना नियंत्रण बनाए हुए हैं। साथ ही अपने कुछ चहेते शिक्षकों के साथ अक्सर विद्यालय परिसर में बैठते हैं। अभिभावकों ने शिक्षण कार्य के दौरान प्रबंधक के हस्तक्षेप और विद्यालय के प्रशासनिक संचालन पर भी सवाल उठाए हैं।
अभिभावकों का कहना है कि प्रबंधन की कथित गलत नीतियों का विरोध करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को नोटिस जारी कर परेशान किया जाता है। इतना ही नहीं, उन्हें निलंबित करने और नौकरी से बर्खास्त करने की धमकी दिए जाने के भी आरोप हैं। इससे विद्यालय में भय और दबाव का माहौल बन रहा है। इसका सीधा असर शिक्षण कार्य और विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य पर पड़ने की आशंका है।
मामले को लेकर अभिभावकों ने पिछले महीने जिला विद्यालय निरीक्षक को पीटीए (अभिभावक-शिक्षक संघ) के नाम पर कथित मनमानी फीस वसूली सहित विद्यालय की विभिन्न कमियों और अनियमितताओं को दर्शाते हुए 22 बिंदुओं का शिकायत पत्र सौंपा था। लेकिन अभिभावकों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी विभाग की ओर से न तो कोई प्रभावी कार्रवाई की गई और न ही उन्हें कोई संतोषजनक जवाब मिला। इससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और शिकायतों के निस्तारण की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अभिभावकों ने शासन और शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, विद्यालय की वित्तीय एवं प्रशासनिक गतिविधियों की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि विद्यालय में कथित लूट-खसोट, मनमानी और अराजकता पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले समय में इस ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान का अस्तित्व संकट में पड़ सकता है।