चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसली महिला, जीआरपी जवानों की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

चलती ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। मिर्जापुर स्टेशन पर जीआरपी जवानों की तत्परता ने एक महिला यात्री को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। यह घटना रेलवे सुरक्षा बलों की सतर्कता के साथ यात्रियों को भी चेतावनी देती है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम कभी न उठाएं।

डीडीयू नगर। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान 20 वर्षीय महिला यात्री का पैर फिसल गया। वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर गंभीर हादसे का शिकार हो सकती थी, लेकिन मौके पर तैनात जीआरपी एस्कॉर्ट के जवानों ने अदम्य तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।

महिला अपने पिता के साथ ट्रेन संख्या 22911 क्षिप्रा एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी। मिर्जापुर स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के दौरान पिता-पुत्री प्लेटफॉर्म नंबर दो पर चाय-नाश्ता करने उतर गए। नाश्ते के बाद दोनों ट्रेन में वापस चढ़ने लगे, तभी अचानक महिला का पैर फिसल गया और उसका एक पैर ट्रेन के अंदर चला गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए प्लेटफॉर्म पर मौजूद जीआरपी एस्कॉर्ट के कांस्टेबल प्रदीप कुमार राय और अंकित कुमार ने तत्काल महिला को संभाला और सुरक्षित बाहर खींच लिया।

जवानों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन रुकवाई और पिता-पुत्री को सुरक्षित कोच में बैठाया। इसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। जीआरपी अधिकारियों ने दोनों जवानों की बहादुरी, सतर्कता और सूझबूझ की सराहना की।

यह सराहनीय कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक एन. कोलांची और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रशांत वर्मा के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान हुई।

रिपोर्ट – संदीप कुमार बड़ा बाबू