धानापुर में कार्तिक की मौत सिर्फ हादसा नहीं! बाल श्रम कानून की उड़ाई धज्जियां, प्रधान से फ्रेंचाइजी और ठेकेदार तक कठघरे में
कार्तिक की मौत को महज एक विद्युत दुर्घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि नाबालिग से हाईटेंशन लाइन के नीचे जोखिम भरा काम कराया गया और सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी हुई तो यह गंभीर जवाबदेही का मामला है। प्रधान से लेकर फ्रेंचाइजी और ठेकेदार तक, हर संबंधित भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आखिर किसी आयोजन की सजावट किसी किशोर की जिंदगी से बड़ी नहीं हो सकती। कार्तिक को न्याय तभी मिलेगा, जब उसकी मौत के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

धानापुर (चंदौली)। छठ पूजा की तैयारियों के बीच प्राचीन विजयदशमी पोखरा पर हुई कार्तिक की दर्दनाक मौत ने आयोजन व्यवस्था से लेकर बाल श्रम और कार्यस्थल की सुरक्षा तक कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आकर जान गंवाने वाले कार्तिक की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है। यदि वह नाबालिग था तो उससे जोखिम भरा काम कराया जाना बाल एवं किशोर श्रम कानून के उल्लंघन का गंभीर मामला हो सकता है। इस घटना के बाद ग्राम प्रधान, बिजली फ्रेंचाइजी और ठेकेदार की भूमिका की जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठ रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कार्तिक वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र का निवासी था। वह छठ पूजा की तैयारियों के सिलसिले में विजयदशमी पोखरा परिसर में पोस्टर लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलसकर अचेत हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नाबालिग से जोखिम भरा काम कराने पर सवाल
कार्तिक की मौत के बाद सबसे गंभीर सवाल उसकी उम्र और उससे कराए जा रहे काम को लेकर उठ रहा है। यदि उसकी उम्र 18 वर्ष से कम थी तो यह जांच का विषय है कि उसे किसके निर्देश पर काम पर लगाया गया था और हाईटेंशन लाइन के नीचे काम कराने से पहले सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे। 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना प्रतिबंधित है। वहीं 14 से 18 वर्ष के किशोरों को कानून के तहत निर्धारित खतरनाक व्यवसायों और प्रक्रियाओं में नियोजित करने पर रोक है।
ऐसे में कार्तिक की वास्तविक उम्र का दस्तावेजी सत्यापन, काम कराने वाले व्यक्ति या संस्था की पहचान और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच बेहद जरूरी है।
प्रधान, फ्रेंचाइजी और ठेकेदार की भूमिका जांचने की मांग
इस घटना में केवल हादसे के कारणों की जांच पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि पोखरा परिसर में पोस्टर लगाने का काम किसके निर्देश पर कराया जा रहा था? काम की जिम्मेदारी किसे सौंपी गई थी? क्या ग्राम प्रधान, बिजली फ्रेंचाइजी और ठेकेदार को हाईटेंशन तार से उत्पन्न खतरे की जानकारी थी? क्या बिजली विभाग से आवश्यक सुरक्षा समन्वय किया गया था?
इन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी निर्धारित करने और लापरवाही सामने आने पर ग्राम प्रधान, बिजली फ्रेंचाइजी तथा ठेकेदार समेत संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की जा रही है।
जवाबदेही तय होना जरूरी
कार्तिक की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सार्वजनिक आयोजनों की तैयारियों में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा आखिर किसकी जिम्मेदारी है? धार्मिक आयोजन की सजावट और व्यवस्थाओं के बीच यदि बुनियादी सुरक्षा उपायों की अनदेखी होती है तो इसकी कीमत किसी परिवार को अपनी संतान की जान देकर चुकानी पड़ सकती है। अब जरूरत केवल घटना पर अफसोस जताने की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की है।