धानापुर-सैयदराजा में 800 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की सीख, सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए किया प्रेरित
सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन बचाने की सामूहिक जिम्मेदारी है। धानापुर और सैयदराजा के विद्यालयों में 800 विद्यार्थियों तक पहुंचा जागरूकता का संदेश आने वाली पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यातायात नियमों का पालन दुर्घटनाओं से बचाता है और हादसे के बाद घायल की मदद करने का साहस किसी बुझते हुए जीवन में फिर से उम्मीद जगा सकता है।

हेलमेट व सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर दिया जोर; पुलिस ने कहा- आपकी थोड़ी सी सावधानी बचा सकती है अनमोल जिंदगी
चंदौली। सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है, जबकि थोड़ी सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है। इसी संदेश के साथ यातायात माह के तहत चंदौली पुलिस ने शुक्रवार को धानापुर और सैयदराजा क्षेत्र के विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 800 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। विद्यार्थियों को यातायात अनुशासन का महत्व समझाते हुए उन्हें स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार तथा समाज को भी सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने धानापुर थाना क्षेत्र स्थित स्कॉलर इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं यातायात निरीक्षक-द्वितीय सुरेन्द्र यादव ने यातायात पुलिस टीम के साथ नेशनल इंटर कॉलेज, सैयदराजा में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 800 विद्यार्थियों ने यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर सावधानी बरतने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने और नशे की हालत में वाहन चलाने से पूरी तरह बचने की हिदायत दी गई।
पीएम-राहत योजना से मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार
जागरूकता कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पीएम-राहत योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि इस योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है। आयुष्मान भारत (AB-PMJAY) से संबद्ध अस्पतालों में यह सुविधा मिलेगी। दुर्घटना के बाद शुरुआती गोल्डन आवर में तत्काल उपचार उपलब्ध कराना इसका प्रमुख उद्देश्य है। इसके तहत सात दिनों तक अस्पताल में भर्ती और उपचार की सुविधा भी बताई गई।

पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति को भयभीत करने या इलाज में देरी करने के बजाय तत्काल नजदीकी आयुष्मान संबद्ध अस्पताल पहुंचाने में मदद करनी चाहिए। अस्पताल में पीएम-राहत योजना की जानकारी देकर उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। हिट एंड रन दुर्घटनाओं के पीड़ितों को भी इस योजना में शामिल किए जाने की जानकारी दी गई। स्पष्ट किया गया कि घायल का उपचार प्राथमिकता है और पुलिस संबंधी कार्रवाई बाद में की जा सकती है।
राहवीर योजना से घायलों की मदद करने वालों को मिलेगी सुरक्षा
सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करने वाले नागरिकों का भय दूर करने के लिए राहवीर योजना (गुड सेमेरिटन योजना) के बारे में भी जागरूक किया गया। बताया गया कि दुर्घटना पीड़ित की निस्वार्थ मदद करने वाले व्यक्ति को अनावश्यक पुलिस पूछताछ और कानूनी परेशानियों से सुरक्षा प्रदान करने का प्रावधान है। अस्पताल प्रशासन द्वारा मददगार से अनावश्यक पूछताछ नहीं की जाएगी। ऐसे मानवीय सहयोगियों को जिला स्तर पर सम्मानित और प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
पुलिस ने विद्यार्थियों के माध्यम से आमजन तक यह संदेश पहुंचाने की अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने से पीछे न हटें। समय पर मिली सहायता किसी की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित हो सकती है। आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 या चंदौली पुलिस नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।