कैंडल जलाकर दवा व्यवसायी रोहित पाल को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, पुण्यतिथि पर नम हुईं आंखें

रोहित पाल की पुण्यतिथि पर उमड़ा व्यापारियों और नागरिकों का हुजूम इस बात की गवाही है कि उनका व्यक्तित्व केवल एक दवा व्यवसायी तक सीमित नहीं था। उनका व्यवहार, आत्मीयता और लोगों से जुड़ाव आज भी उन्हें सभी के दिलों में जीवित रखे हुए है।

डीडीयू नगर, चंदौली। गोली लगने की दुखद घटना में जान गंवाने वाले दवा व्यवसायी रोहित पाल की पुण्यतिथि पर बुधवार की देर शाम केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (CDA), चंदौली के तत्वावधान में नगर के जीटी रोड स्थित पॉपुलर मेडिकल स्टोर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान दवा कारोबारियों और गणमान्य नागरिकों ने कैंडल जलाकर अपने दिवंगत साथी को याद किया और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

सभा में उपस्थित लोगों ने रोहित पाल के मिलनसार व्यवहार, सरल व्यक्तित्व और दवा व्यवसाय के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। एक वर्ष पूर्व गोली लगने की दुखद घटना में उनका निधन हो गया था। उनकी पुण्यतिथि पर साथी व्यापारियों ने नम आंखों से उन्हें याद किया। श्रद्धांजलि सभा का माहौल भावुक रहा।

इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने कहा कि रोहित पाल का व्यवहार और उनकी यादें हमेशा सभी के दिलों में जीवित रहेंगी। उनके असामयिक निधन से दवा व्यापार जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से सिद्धार्थ पाल, प्रीति पाल, सिद्धान्त पाल, एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश जायसवाल, सौरभ जायसवाल, मनोज केशरी, डीके जायसवाल, सतनाम सिंह, पप्पू धनिया, मनोज जायसवाल, अमरनाथ जायसवाल मोनू, आंसु जायसवाल, आलोक जायसवाल, टीके सिंह सहित सैकड़ों व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – संदीप कुमार बड़ा बाबू