तहसील दिवस में एडीएम साहब सुनते रहे फरियाद और सोते रहे अधीनस्थ

किसान नेताओं ने सरकारी धन के बंदरबाट का लगाया आरोप तो एसडीएम ने एसडीओ को जमकर लताड़ा
चंदौली, जनपद के तहसील सकलडीहा में पूर्व की भांति शनिवार को भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी सुरेन्द्र कुमार सिंह सम्पूर्ण समाधान दिवस में आये फरियादियों की समस्याओं को सुनने में मशगूल रहे। वहीं नीचे बैठे उनके अधीनस्थ सोते रहे। तहसील दिवस पर आए किसान नेताओं ने सिंचाई विभाग के कर्मचारियों पर सरकारी धन के लूट का आरोप लगाया। जिसपर एसडीएम ने एसडीओ भूपौली को जमकर लताड़ लगाई।
बतादें कि शनिवार को सकलडीहा तहसील दिवस में इस बार कुछ अलग सा नजारा देखने को मिला जहां एडीएम साहब लोगों की समस्याओं को गम्भीरता से लिया तो वहीं उनके सम्मुख बैठे अधीनस्थ सोते पाए गए।
इसी दौरान किसान नेता जितेंद्र प्रताप तिवारी ने मुसाखाड़ बंधी डिविजन और नारायनपुर पंप कैनाल और भूपौली पंप कैनाल से निकली नहरों और माइनरो की साफ सफाई के नाम पर सरकारी धन की लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि नहरों की सफाई भी नहीं हुई और सफाई के नाम पर लाखों रूपये की बंदरबाट किया गया है। जिसपर एसडीएम अनुपम मिश्रा ने भूपौली एसडीओ अवनीश कुमार को जमकर लताड़ लगाई और तत्काल कार्यवाही की बात कही।
इस मौके पर कुल 33 प्रार्थना पत्र में तीन का निस्तारण किया गया। एडीएम ने राजस्व मामलों का तेजी से निस्तारण कराने का निर्देश दिया। इस दौरान एसडीएम अनुपम मिश्रा, तहसीलदार अजीत सिंह,सीओ रघुराज, बीडीओ विजय कुमार,नायब तहसीलदार राजेन्द्र यादव,बीईओ अवधेश राय,एसडीओ सतीश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।