ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की दर्दनाक मौत

मानसिक रूप से विक्षिप्त था किशोर, पुलिस ने शव को भेजा पीएम हाउस
चंदौली, सकलडीहा। कोतवाली अंतर्गत भोजापुर रेलवे क्रासिंग के समीप मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे अप में आ रही फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई. घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण हेतु मोर्चरी हाउस भेज दिया. मृतक बीते कई दिनों से मानसिक रूप से विक्षिप्त था. जिसका ईलाज धानापुर में चल रहा था.
सकलडीहा कस्बा निवासी रामबिलास राजभर का ओड़वली गांव में खेत व घर है. रामविलास के पांच पुत्र राजकुमार राजभर, छोटू राजभर, खुशीहाल राजभर, सिंटू राजभर और अंग्रेज राजभर व एक पुत्री आरती है. रामविलास मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते है.
रामविलास के चौथे नंबर का 15 वर्षीय पुत्र सिंटू राजभर दो तीन साल पूर्व बाहर प्राइवेट कंपनी में काम करने गया था. वहां से आने के बाद से वह मानसिक रूप से विक्षिप्त रहता था. जिसका परिवार के लोगों ने सीटी स्कैन सहित अन्य जांच भी कराया. लेकिन किशोर बार बार मर जाने की बात कहता था. जिसके कारण पिता और परिजनों की ओर से निगरानी किया जाता था.
मंगलवार को सुबह घर से अचानक निकला. काफी देर बाद घर के आसपास नहीं होने पर पिता खोजने निकल गये. इसी बीच युवक भोजापुर के समीप रेलवे लाइन क्रास कर रहा था. अप में आ रही फरक्का एक्सप्रेस टे्रन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत होगयी. घटना की जानकारी होने पर माता बासमती पिता रामविलास राजभर सहित परिजनों में कोहराम मच गया.
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिये भेज दिया. इस दौरान परिजनों का रोते रोते बुरा हाल था. इस बाबत कोतवाल हरिनारायण पटेल ने बताया कि किशोर मानसिक रूप से विक्षिप्त था. किशोर के शव को पीएम के लिये भेज दिया गया है.