चंदौली में कैबिनेट मंत्री का काफिला भी घंटों तक जाम में फसा रहा

सड़क खोदाई के कारण सकलडीहा में लगा रहा घंटों भीषण जाम
चंदौली,सकलडीहा,सड़क चौड़ीकरण को लेकर सघन तिराहा से लेकर खड़ेहरा तक खोदे गये गड्ढे के कारण सोमवार को रक्षा बंधन के दिन सकलडीहा में देर शाम तक भीषण जाम लगा रहा। चिलचिलाती धूप में भाई बहन के साथ बच्चे और परिजन बिलबिलाते रहे। जाम की समस्या को लेकर कोतवाली पुलिस सुबह से डटी रही। जाम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का काफिला भी घंटो फसा रहा। पुलिस ने वाहनों को ठेलकर जाम से निजात दिलाने के लिये देर शाम तक जुटी रही।
सकलडीहा कस्बा के मुख्य मार्ग से लेकर भोजापुर रेलवे क्रासिंग तक बीते दो दिनों से भीषण जाम लग रहा है। आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान सड़क पर एक तरफ सड़क गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। जिससे रक्षा बंधन के दिन चहनिया से आने वाली वाहनों की लम्बी कतार लग गई।
वही चंदौली और अलीनगर व कमालपुर धानापुर से आने वाली वाहनों की कतार सघन तिराहे पर पहुंचते ही कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का काफिला भी जाम में फस गया। कोतवाली पुलिस वाहनों को ठेलकर जाम छुड़ाने में देर शाम तक जुटी रही। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही पर जमकर भड़ास निकाला।
इस बाबत सीओ रघुराज ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के कारण सघन तिराहा पर खोदा गया गड्ढा के कारण और रक्षा बंधन का त्योहार होने के कारण जाम की स्थिति हो गई। केातवाली पुलिस लगातार जाम छुड़ाने में जुटी है। इस मौके पर कोतवाल संजय कुमार सिंह, एसआई शिवकुमार, कस्बा प्रभारी धर्मदेव सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।