अकाल तख्त एक्सप्रेस ट्रेन से 1.75 करोड़ के साथ दो धराए

c3ee0fd54a13
लखनऊ से ले जा रहे थे कोलकाता, पैसे के बाबत नहीं दिखाए कागजात
चंदौली,डीडीयू नगर। राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की रात स्थानीय रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान अकाल तख्त एक्सप्रेस ट्रेन से 1.75 करोड़ रुपये नकद बरामद किया। इस दौरान दो व्यक्तियों को पकड़ा गया।दोनों एसी कोच में सवार होकर रुपये की खेप लखनऊ से कोलकाता ले जा रहे थे। शनिवार को जीआरपी के सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने मामले का खुलासा किया। बरामद रुपये और आरोपियों को वाराणसी के आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया। आगे की कार्रवाई आयकर विभाग की टीम करेगी।

इस बाबत सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने पत्र प्रतिनिधियों को बताया कि होली के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी लगातार गश्त कर रही है। संदिग्ध व्यक्तियों व संदिग्ध सामानों पर नजर रख रही है। जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत की देख रेख में संदिग्ध सामान की तलाशी ली जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार की भोर लगभग तीन बजे डाउन अकालतख्त एक्सप्रेस प्लेटफार्म संख्या एक पर आकर रुकी।इस दौरान जीआरपी एसआई स्वतंत्र सिंह की देख रेख में संयुक्त टीम ट्रेन के एसी कोच ए 1 की तलाशी ली गई।

जिसमें दो व्यक्ति 03 बैग के साथ संदिग्ध हाल में दिखाई दीए। बैग की जांच करने पर उसमें से नकदी बरामद हुआ। दोनों ने पैसे के बारे में कोई कागजात नहीं दिखाया। दोनों ने अपना नाम क्रमश: रितेश पटेल निवासी ठाकुरगंज जिला लखनऊ और प्रिग्नेश निवासी मेटपुर, खंभाट जिला आणंद गुजरात बताया। दोनों को पकड़ कर बैग के साथ कोतवाली लाया गया।
 यहां रुपयों की गिनती करने पर 1.75 करोड़ रुपये मिले। जीआरपी ने इसकी सूचना आयकर विभाग वाराणसी को दी। मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम रुपये और आरोपी को अपने साथ ले गई। सीओ ने बताया कि आगे की कार्रवाई और जांच पड़ताल आयकर विभाग की टीम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *