अपराधियों पर चन्दौली पुलिस का शिकंजा, दो आदतन बदमाश जिला बदर

डीएम चन्द्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल की सख्ती, 6 माह के लिए जिले की सीमा से बाहर किए गए अपराधी
चन्दौली। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आदतन, पेशेवर और मनबढ़ अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की है। जिलाधिकारी चन्दौली चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सक्रिय अपराधियों की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में अलीनगर थाना क्षेत्र के दो अपराधियों को 6 माह के लिए जनपद चन्दौली की सीमा से निष्कासित किया गया है।
जिला बदर किए गए अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निष्कासन अवधि के दौरान वे जनपद की सीमा में प्रवेश करते हैं या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि दोनों अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इन अपराधियों पर हुई कार्रवाई
1- विशाल उर्फ आकाश सोनकर
पुत्र राजा सोनकर, निवासी वार्ड नंबर-05 बिछड़ी गांव, थाना अलीनगर, जनपद चन्दौली।
पुलिस के मुताबिक विशाल उर्फ आकाश सोनकर के खिलाफ जीआरपी डीडीयू थाने में चोरी, चोरी का माल बरामदगी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2025 तक कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
2- सुनील चौहान
पुत्र रामबली चौहान, निवासी अमोघपुर, थाना अलीनगर, जनपद चन्दौली।
सुनील चौहान के खिलाफ थाना अलीनगर में धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी, महामारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
अपराधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
चन्दौली पुलिस ने कहा है कि जनपद में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए अपराधियों और अराजकतत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।