चंदौली: सकलडीहा पीजी कॉलेज में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर

53916695fc83

‘हर घर तिरंगा यात्रा-2026′ के तहत छात्रों ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प’

सकलडीहा, चंदौली। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा यात्रा-2026’ अभियान के अंतर्गत सकलडीहा पीजी कॉलेज में शुक्रवार को जनजागरण एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उप प्राचार्य प्रो. दयानिधि सिंह यादव ने की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से घर-घर तिरंगा फहराकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रो. उदय शंकर ने कहा कि देश की आजादी वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है, जबकि प्रो. इंद्रदेव सिंह ने विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। प्रो. विजेंद्र सिंह ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया, वहीं प्रो. महेंद्र सिंह ने तिरंगे को राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक बताते हुए संविधान एवं राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान पर बल दिया।
कार्यक्रम अधिकारी प्रो. दयाशंकर सिंह यादव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति को मजबूत करने का जनआंदोलन है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्यामलाल यादव एवं डॉ. योगेंद्र तिवारी ने स्वयंसेवकों को सामाजिक सेवा, राष्ट्रहित एवं राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की शपथ लेकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर डॉ. राजेश यादव, डॉ. पवन ओझा, डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. सीता मिश्रा, डॉ. वंदना, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. जितेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने आगामी राष्ट्रीय पर्वों पर भी इसी उत्साह के साथ जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *