बुरादे की आड़ में बिहार ले जाई जा रही डेढ़ करोड़ की शराब चंदौली में बरामद, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

चंदौली के सैयदराजा में पुलिस ने एनएच-19 पर एक ट्रक से 1,185 पेटी यानी 10,451.52 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। करीब 1.50 करोड़ रुपये की शराब को लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने राजस्थान निवासी 23 वर्षीय चालक को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त किया है।

चंदौली। मुखबिर की सूचना पर सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने एनएच-19 पर घेराबंदी कर लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही 1,185 पेटी (10,451.52 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। करीब 1.50 करोड़ रुपये कीमत की शराब से लदे अशोक लेलैण्ड ट्रक के साथ राजस्थान निवासी 23 वर्षीय शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पानीपत के पास से शराब लादकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक उच्चाधिकारियों के निर्देशन में स्वाट सेल प्रभारी रामजनम यादव, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा और सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में संयुक्त टीम काले शाह बाबा की मजार के पास एनएच-19 की उत्तरी लेन पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे अशोक लेलैण्ड ट्रक संख्या MH 18 BZ 7720 पर पुलिस टीम को संदेह हुआ। टीम ने सतर्कता के साथ ट्रक को रुकवाया।

ट्रक से उतरकर भागने लगा चालक

पुलिस के अनुसार ट्रक रुकते ही चालक वाहन से उतरकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद उसकी पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार पुत्र बाला राम, निवासी टाकुबेरी, थाना सिन्धारी, तहसील सिन्धारी, जनपद बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।

इसके बाद पुलिस टीम ने ट्रक की सघन तलाशी शुरू की। ट्रक के डाले में पीछे की तरफ पीली प्लास्टिक की बोरियां रखी थीं। पहली नजर में इन बोरियों में लकड़ी का बुरादा भरा दिखाई दे रहा था। पुलिस ने बोरियों को हटाकर अंदर जांच की तो उनके नीचे शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।

बुरादे के नीचे छिपी मिली 1,185 पेटी शराब

तलाशी में अलग-अलग ब्रांड की कुल 1,185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर बताई गई है। पुलिस ने बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी है।

बरामद शराब में किंग्स गोल्ड, इम्पीरियल ब्लू, मैकडॉवेल्स, पार्टी स्पेशल और सुपर जुबली ब्रांड शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शराब की पेटियों को लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाने का उद्देश्य चेकिंग के दौरान पुलिस को गुमराह करना था।

अलग-अलग पैकिंग में मिली शराब

पुलिस द्वारा जारी बरामदगी विवरण के अनुसार किंग्स गोल्ड व्हिस्की की 750 एमएल की 96 पेटी और 180 एमएल की 108 पेटी बरामद हुई।

इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की की 750 एमएल की 100 पेटी, 375 एमएल की 100 पेटी और 180 एमएल की 145 पेटी मिलीं। वहीं मैकडॉवेल्स व्हिस्की की 750 एमएल की 149 पेटी, 375 एमएल की 100 पेटी और 180 एमएल की 199 पेटी बरामद की गई।

इसके अलावा पार्टी स्पेशल व्हिस्की की 750 एमएल की 47 पेटी और 180 एमएल की 49 पेटी तथा सुपर जुबली व्हिस्की की 180 एमएल की 92 पेटी पुलिस के हाथ लगी।

एक लाख रुपये के लालच में ले जा रहा था शराब

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने बताया कि वह एक लाख रुपये के लालच में पानीपत, हरियाणा के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहा था। वहां शराब को ऊंचे दामों पर बेचने की बात बताई गई है। आरोपी के अनुसार रास्ते में पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए शराब की पेटियों को लकड़ी के बुरादे से भरी बोरियों के नीचे छिपाया गया था।
हालांकि शराब की इस खेप के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

ट्रक सहित अन्य सामान बरामद

पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक अशोक लेलैण्ड ट्रक संख्या MH 18 BZ 7720 भी बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी के पास से आईफोन-15, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पीली धातु का लॉकेट, 660 रुपये नकद, पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और फोटो बरामद किए गए हैं।

आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज

सैयदराजा थाने में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद शराब की खेप के स्रोत, उसके गंतव्य और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में सैयदराजा थाने की ओर से थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, कांस्टेबल रतन कुमार, शंकर राम, अंकित कुमार सिंह, राजू सिंह, हेड कांस्टेबल चालक राजेश यादव और होमगार्ड राम प्रवेश तिवारी शामिल रहे।

स्वाट/सर्विलांस टीम में निरीक्षक रामजनम यादव, उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज, आनंद सिंह, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश पटेल, दीपक मिश्रा, आदित्य पाण्डेय, प्रेम प्रकाश यादव और प्रेम प्रकाश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।