चहनियां चौराहे पर बेकरी की दुकान में विस्फोटक भंडारण, 103 किलो पटाखों के साथ विक्रेता धराया
बेकरी के सामने खाने-पीने का सामान और पीछे 103 किलो पटाखों का जखीरा मिलना महज अवैध भंडारण का मामला नहीं, बल्कि घनी आबादी की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर खतरा है। एक छोटी-सी लापरवाही भी आसपास के कई परिवारों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती थी। पुलिस की इस कार्रवाई ने ऐसे छिपे हुए खतरों के खिलाफ सतर्कता और सख्त निगरानी की जरूरत को फिर सामने ला दिया है।

चहनियां, चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां चौराहे पर बाहर से देखने पर बेकरी की दुकान, जहां खाने-पीने का सामान बिक रहा था, लेकिन दुकान के पिछले हिस्से में पटाखों का जखीरा छिपाकर रखा गया था। कारोबार की आड़ में विस्फोटक सामग्री का यह अवैध भंडारण किसी बड़े हादसे को दावत दे रहा था। मंगलवार को बलुआ पुलिस ने चहनियां चौराहे स्थित रिद्धि बेकर्स पर छापेमारी कर 103 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक को गिरफ्तार कर लिया। घनी आबादी के बीच इस तरह पटाखों का भंडारण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चहनियां चौराहे स्थित रिद्धि बेकर्स की दुकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान के आगे खाने-पीने का सामान रखा मिला, जबकि पिछले हिस्से में स्थित कमरे से नौ गत्तों में भरे विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर पटाखों की कुल मात्रा 103 किलोग्राम निकली।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक अनुमति के पटाखों का भंडारण कर रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर इस तरह विस्फोटक सामग्री जमा करना आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। दुकान के सामने सामान्य खाद्य सामग्री और पीछे पटाखों का भंडार मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल सिंह पुत्र सतीश सिंह चौहान, निवासी खंडवारी, चहनियां, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से चकरी, फुलझड़ी, अनार, पाइप बम, बुलेट बम, सुतली बम, चटाई बम और क्रैकर समेत विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। सभी पटाखे नौ गत्तों में रखे हुए थे।
इस मामले में थाना बलुआ में मु.अ.सं. 309/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस और धारा 9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह तथा कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा, मनोज कुमार, अनमोल वर्मा और संदीप कुमार शामिल रहे।
रिपोर्ट – आनंद कुमार