चंदौली: डीएम के औचक निरीक्षण में ARTO कार्यालय की खुली पोल, तीन कर्मियों का एक दिन का वेतन रोका

6dd626fd260e
फाइलों पर धूल मिलने पर जताई कड़ी नाराजगी, आवेदकों से सीधे संवाद कर लिया फीडबैक; दलाल-मुक्त व्यवस्था, साफ-सफाई और बेहतर बैठने की व्यवस्था के दिए निर्देश
चंदौली। जिलाधिकारी ने शनिवार को ARTO कार्यालय का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कई खामियां सामने आईं। तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मियों का एक दिन का वेतन बाधित करने तथा उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कार्यालय में रखी फाइलों पर धूल जमी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अभिलेखों के उचित रखरखाव के साथ कार्यालय में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय में रिकॉर्ड व्यवस्थित और सुरक्षित रखने के साथ कर्मचारियों की उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय पहुंचे आवेदकों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं और कार्यप्रणाली के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदक को अपने काम के लिए दलाल या बिचौलियों का सहारा न लेना पड़े। कार्यालय में पारदर्शी एवं दलाल-मुक्त व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कार्यालय परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई, व्यवस्थित बैठने की व्यवस्था और आमजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि आवेदकों की समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध समाधान किया जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, फाइलों के रखरखाव, कार्यालय की साफ-सफाई तथा नागरिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर करने और व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *