चंदौली में नवरात्रि-दशहरा पर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई तक के निर्देश
चंदौली प्रशासन ने नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, बिजली की जांच, विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, अग्नि सुरक्षा, साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच पर जोर दिया है। अधिकारियों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चंदौली में नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल ने पीस कमेटी की बैठक कर सुरक्षा, बिजली, मूर्ति विसर्जन, अग्निशमन, साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की जांच के निर्देश दिए। नई परंपरा पर रोक के साथ संवेदनशील स्थलों का संयुक्त निरीक्षण करने को कहा गया।

चंदौली। आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजन निर्धारित परंपराओं के अनुसार होंगे और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को पंडालों, मूर्ति विसर्जन स्थलों और रावण दहन के आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया।

नई परंपरा शुरू करने पर रोक
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने निर्देश दिया कि नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा के दौरान सभी धार्मिक आयोजन पहले से चली आ रही परंपराओं के अनुसार ही संपन्न कराए जाएं। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न हो। पुलिस और संबंधित अधिकारी शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहें, ताकि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
पंडालों में बिजली और सुरक्षा की जांच
दुर्गापूजा पंडालों में विद्युत तारों, कनेक्शनों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच कराने को कहा गया। शॉर्ट सर्किट और बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयोजकों को भी सुरक्षा संबंधी मानकों का ध्यान रखने की आवश्यकता बताई गई।
मूर्ति विसर्जन और रावण दहन पर विशेष सतर्कता
मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और जरूरी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उद्देश्य यह है कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और किसी दुर्घटना की आशंका कम की जा सके।
वहीं, रावण दहन स्थलों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने और आयोजन के दौरान अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया। संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थलों की परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील स्थलों का संयुक्त निरीक्षण
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों और आयोजन स्थलों का संयुक्त निरीक्षण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को त्योहारों से पहले दूर कराने पर जोर दिया गया, ताकि आयोजन के समय अव्यवस्था की स्थिति न बने।
उन्होंने आवागमन और आयोजनों में बाधा रोकने के लिए छुट्टा पशुओं के प्रबंधन की व्यवस्था करने को भी कहा। इसके अलावा नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं को समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
मिलावटी खाद्य पदार्थों पर होगी कार्रवाई
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए बाजारों में पनीर, खोया और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों में मिलावट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
जिम्मेदारी से निभाएं दायित्व
बैठक में डीएम और एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। प्रशासन का जोर त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक सौहार्द को मजबूत रखने पर है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।