चंदौली में रेलवे इंटर कॉलेज का 150वां वर्ष: दो दिवसीय पुरातन छात्र समागम का आगाज, पुराने दोस्तों से मिलकर खिले चेहरे

पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज के 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजित दो दिवसीय पुरातन छात्र समागम में 1965 से 2025 तक के विभिन्न बैचों के सैकड़ों पुरातन छात्र और पूर्व शिक्षक जुटे। उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संस्मरणों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। शुक्रवार को लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि सभा होगी।

चन्दौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) स्थित पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज की स्थापना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय पुरातन छात्र समागम का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के पुरातन छात्र एवं सेवानिवृत्त आईएएस निर्मलजीत सिंह कलसी, एयर मार्शल गुरनाम सिंह, मानस पोद्दार, पंकज कुमार सिंह और मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में वर्ष 1965 से 2025 तक विद्यालय में पढ़े सैकड़ों पुरातन छात्र-छात्राओं और पूर्व शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

उद्घाटन के बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति हुई। लंबे समय बाद विद्यालय पहुंचे पुरातन छात्रों में अपने पुराने सहपाठियों से मिलने की खुशी साफ नजर आई। कई छात्र पुराने दोस्तों से गले मिलकर भावुक हुए तो कई ने विद्यालय की कक्षाओं, खेल मैदान और छात्र जीवन से जुड़ी यादों को एक-दूसरे के साथ साझा किया।

समागम का उद्देश्य विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने वाली अलग-अलग पीढ़ियों के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाना और उनके अनुभवों एवं पुरानी स्मृतियों को साझा करना है। कार्यक्रम अध्यक्ष राजेश गुप्ता के नेतृत्व में इसकी तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। समारोह के दौरान विभिन्न बैचों के पुरातन विद्यार्थियों ने मंच से अपना परिचय दिया और विद्यालय से जुड़े संस्मरण साझा किए। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ।

विद्यालय की यादों से जुड़े संदेश बने आकर्षण

समागम के लिए विद्यालय परिसर को विशेष रूप से सजाया गया। परिसर में लगाए गए संदेश पुरातन छात्रों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे। ‘ईंटों से इमारत बनती है, यादों से विद्यालय’, ‘यहां सिर्फ किताबें नहीं पढ़ीं, जिंदगी के मायने भी सीखे’ और ‘कुछ रिश्ते कभी पुराने नहीं होते’ जैसे संदेशों ने समारोह के माहौल को भावुक बना दिया।

विभिन्न क्षेत्रों में देश-विदेश में सेवाएं दे चुके पुरातन छात्र और पूर्व शिक्षक भी समागम में शामिल हुए। वर्षों बाद अपने विद्यालय लौटे पूर्व विद्यार्थियों ने अपने पुराने साथियों के साथ समय बिताया और छात्र जीवन की यादें ताजा कीं।

शुक्रवार को लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर होगा माल्यार्पण

समागम के दूसरे दिन शुक्रवार को गांधी जयंती और विद्यालय के पुरातन छात्र रहे पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। विद्यालय परिसर में स्थापित लाल बहादुर शास्त्री की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा और पुरातन विद्यार्थियों की ओर से भजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

समारोह में एयर मार्शल गुरनाम सिंह, भारतीय रेलवे के बेंगलुरु से सेवानिवृत्त जीएम मानस पोद्दार, उत्तर रेलवे नई दिल्ली के प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर पंकज कुमार सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य अमरेंद्र सिंह, अनिल कुमार सैनी, डॉ. मुकेश कुमार सिंह, बृजेश कुमार सैनी सहित सैकड़ों पुरातन छात्र-छात्राएं और पूर्व शिक्षक मौजूद रहे।