चंदौली में समूह सखियों का धरना-प्रदर्शन, मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

चंदौली में एनआरएलएम से जुड़ी समूह सखियों ने कम मानदेय और अतिरिक्त कार्य के विरोध में धरना दिया। 14 हजार रुपये मानदेय, यात्रा भत्ता, बीमा और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

चंदौली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी समूह सखियों ने बुधवार को बिछिया धरना स्थल पर कम मानदेय और अतिरिक्त कार्य के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाकर 14 हजार रुपये प्रतिमाह करने, काम के घंटे निर्धारित करने, यात्रा भत्ता, बीमा, कैशलेस इलाज, इंटरनेट पैक और ओवरटाइम समेत अन्य सुविधाएं देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

जिला अध्यक्ष गीता मौर्य ने कहा कि समूह सखियों से प्रतिदिन करीब आठ घंटे और महीने के पूरे 30 दिन काम लिया जाता है। इसके बावजूद उन्हें निर्धारित कार्य के अनुपात में मानदेय नहीं मिल रहा है। उन्होंने समान कार्य के आधार पर समान वेतन देने की मांग की। साथ ही बैंक सखियों का मानदेय बढ़ाकर 14 हजार रुपये प्रतिमाह करने और उन्हें नियमित करने की मांग रखी।

समूह सखियों ने बुक कीपर के लिए भी 14 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित करने की मांग की। उनका कहना है कि जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन वर्तमान मानदेय उनकी मेहनत और कार्यभार के अनुरूप नहीं है।

अंजू पांडेय ने कहा कि समूह सखियों की समस्याओं का विभागीय स्तर पर समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को लखनऊ तक ले जाया जाएगा।

सुमन ने कहा कि वर्तमान में मिलने वाले दो हजार रुपये के मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल है। समूह सखियों ने कहा कि उन्हें दूर-दराज के गांवों में जाकर कार्य करना पड़ता है, लेकिन आने-जाने के खर्च की समुचित व्यवस्था नहीं है।

प्रदर्शन के दौरान समूह सखियों ने कार्यस्थल तक आने-जाने के लिए यात्रा भत्ता, नेट पैक, बीमा, पहचान पत्र और कैशलेस इलाज की सुविधा देने की मांग की। इसके अलावा अतिरिक्त समय में काम लेने पर ओवरटाइम की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई।

समूह सखियों ने आंगनबाड़ी, शिक्षामित्र और अनुदेशक की तर्ज पर उनके लिए भी निश्चित मानदेय तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नियमित और जिम्मेदारी वाले कार्य के अनुरूप उन्हें सम्मानजनक मानदेय और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए।

धरना-प्रदर्शन में मंजू देवी, संजू देवी, कृष्णावती, सुनीता, अनीता, गीतांजलि, सुषमा खरवार, आशा देवी, सविता भारती, निर्मला, उर्मिला, रीना और रजनी समेत अन्य समूह सखियां मौजूद रहीं।

चंदौली में एनआरएलएम से जुड़ी समूह सखियों ने कम मानदेय और अतिरिक्त कार्य के विरोध में धरना दिया। 14 हजार रुपये मानदेय, यात्रा भत्ता, बीमा और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा