चंदौली: सकलडीहा पुलिस की पहल से फिर एक हुए बिछड़े दंपती
पारिवारिक विवादों में संवाद और आपसी सहमति की भूमिका अहम होती है। सकलडीहा मिशन शक्ति केंद्र की पहल से एक दंपती के बीच सुलह हुई और दोनों ने दोबारा साथ रहने का निर्णय लिया।

चंदौली। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत सकलडीहा पुलिस ने पारिवारिक विवाद में अलग हुए एक दंपती के बीच सुलह कराकर रिश्ते को टूटने से बचाया। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों पति-पत्नी आपसी सहमति से फिर साथ रहने को राजी हो गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 28 अक्टूबर को सकलडीहा थाना स्थित मिशन शक्ति केंद्र ने पारिवारिक विवाद से जुड़े एक प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई की। पति और परिजनों को नोटिस व मोबाइल के माध्यम से सूचना देकर दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। यहां पुलिस ने दोनों को पारिवारिक रिश्तों के महत्व के बारे में समझाया और विवाद सुलझाने का प्रयास किया।
समझाइश के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी पुरानी बातों और गलतियों को स्वीकार करते हुए बिना किसी दबाव के नए सिरे से वैवाहिक जीवन शुरू करने पर सहमति जताई। इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र ने पारिवारिक विवाद समाप्त कराते हुए दंपती को परिजनों के साथ खुशी-खुशी घर भेज दिया।