चंदौली डीएम ने खुद बच्चों को पिलाई जिंदगी की दो बूंद
चंदौली में पल्स पोलियो अभियान केवल एक टीकाकरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की गारंटी है। 3 लाख से अधिक बच्चों तक पहुंचना बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन 976 बूथ, 616 घर-घर टीमें और ट्रांजिट-मोबाइल टीमों की तैनाती से यह लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है। जरूरत है कि अभिभावक जागरूक रहें और स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें। डीएम द्वारा खुद बच्चों को दवा पिलाना इस अभियान को और मजबूत करता है और लोगों में भरोसा जगाता है।

0 से 5 वर्ष के 3,07,618 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य, 976 बूथों पर उमड़ी भीड़
चंदौली —उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत बेहद उत्साह और उल्लास के साथ हुई। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र पहुंचकर खुद अपने हाथों से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। डीएम के हाथों से दो बूंद दवा पीकर नन्हें-मुन्ने मुस्कुराते नजर आए, तो अभिभावकों के चेहरे भी खिल उठे।
इस अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 3,07,618 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है, ताकि एक भी बच्चा दवा से वंचित न रह जाए।
976 बूथों पर उमड़ी भीड़, सुबह से लगी रही कतार
अभियान के पहले दिन यानी बूथ दिवस पर जिले भर में 976 बूथों पर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। सुबह से ही बूथों पर अभिभावक अपने बच्चों को गोद में लेकर पहुंचते नजर आए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं और स्वास्थ्य कर्मी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी पर डटे रहे। हर बूथ पर बच्चों की कतार और अभिभावकों का उत्साह देखने लायक था।
38 ट्रांजिट और 18 मोबाइल टीमें मैदान में
अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए जिले में 38 ट्रांजिट टीमें और 18 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, ईंट-भट्टों, घुमंतू बस्तियों और दूर-दराज के इलाकों में जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। ताकि यात्रा कर रहे या अस्थाई रूप से रह रहे कोई भी बच्चा छूट न जाए।
सोमवार से शुक्रवार तक घर-घर चलेगा अभियान
बूथ दिवस के बाद अब सोमवार से शुक्रवार तक 616 टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक पिलाएंगी। टीमें हर घर का दरवाजा खटखटाएंगी, बच्चों का नाम दर्ज करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि 0 से 5 वर्ष का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए।

डीएम की अपील — एक भी बच्चा न छूटे
जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि अपने बच्चों को जरूर पोलियो की खुराक पिलाएं और आस-पड़ोस के बच्चों को भी बूथ तक लेकर आएं। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के लिए हर बच्चे को दो बूंद दवा पिलाना जरूरी है। दो बूंद दवा ही बच्चे को जीवनभर की अपंगता से बचा सकती है।