सर्दियों से पहले रेल संरक्षा की कमान संभालने उतरे डीआरएम, रात में बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस से परखी सुरक्षा व्यवस्था
सर्दियों में कोहरा, कम दृश्यता और तापमान में गिरावट रेल परिचालन के सामने बड़ी चुनौती बनते हैं। ऐसे में डीआरएम का आधी रात को खुद ट्रेन में सवार होकर कवच, ब्रेक सिस्टम, सिग्नल और रेलपथ पेट्रोलिंग की हकीकत परखना संरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को दर्शाता है। रेलवे की सुरक्षा केवल आधुनिक तकनीक से नहीं, बल्कि ट्रैक की मजबूती, कर्मचारियों की सतर्कता और नियमों के सख्त पालन से सुनिश्चित होती है। हर स्तर पर निगरानी और जवाबदेही ही यात्रियों की सुरक्षित यात्रा की असली गारंटी है।

कवच से लेकर ब्रेक सिस्टम और रेलपथ पेट्रोलिंग तक का लिया जायजा, कोहरे में सुरक्षित परिचालन के लिए कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश
चंदौली। सर्दियों में कोहरे और कम दृश्यता के बीच ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए डीडीयू मंडल ने संरक्षा व्यवस्था की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने 22 और 23 नवंबर की दरम्यानी रात बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस से औचक रात्रिकालीन फुटप्लेट निरीक्षण कर रेल सुरक्षा की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से गया ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड तक ट्रेन में सफर के दौरान कवच प्रणाली, ब्रेक व्यवस्था, सिग्नल, रेलपथ और कर्मचारियों की सतर्कता का बारीकी से जायजा लिया।
डीआरएम ने गाड़ी संख्या 15138 बनारस-राजगीर बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस से निरीक्षण करते हुए कवच प्रणाली की कार्यप्रणाली परखी। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि संरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण यह तकनीक निर्धारित तरीके से काम कर रही है। इसके साथ ही इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों की रात्रिकालीन रेलपथ पेट्रोलिंग का भी निरीक्षण किया और ट्रैक की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान रेलपथ की मजबूती, ट्रेन की राइडिंग क्वालिटी, रात में सिग्नलों की दृश्यता और स्पष्टता पर विशेष ध्यान दिया गया। स्टेशनों से ट्रेन के सुरक्षित गुजरने के दौरान ऑल राइट सिग्नल के आदान-प्रदान तथा समपार फाटकों पर गेटमैन की सतर्कता भी जांची गई। लोको पायलट और सहायक लोको पायलट द्वारा सिग्नल कॉलिंग सहित परिचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का भी अवलोकन किया गया।
ब्रेक सिस्टम की बारीकियों को भी परखा
डीआरएम ने ब्रेक फील टेस्ट और ब्रेक कंटिन्यूटी टेस्ट की निर्धारित प्रक्रियाओं का भी जायजा लिया। ब्रेक फील टेस्ट के माध्यम से ट्रेन शुरू होने के बाद ब्रेक की प्रतिक्रिया और गति नियंत्रित करने की क्षमता जांची जाती है। वहीं ब्रेक कंटिन्यूटी टेस्ट में इंजन से अंतिम कोच तक ब्रेक प्रणाली में आवश्यक वायु दबाव की निरंतरता सुनिश्चित की जाती है। इन दोनों प्रक्रियाओं का सही ढंग से पालन ट्रेन के सुरक्षित परिचालन के लिए बेहद जरूरी है।
कोहरे में सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी
सर्दियों में कोहरे के कारण रेल परिचालन में आने वाली चुनौतियों को देखते हुए मंडल में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रेलपथ की नियमित निगरानी और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने के साथ पेट्रोलिंग कर्मचारियों की जीपीएस आधारित निगरानी और औचक सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।
लोको पायलटों को फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराने और उनके सही तरीके से काम करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। संबंधित कर्मचारियों की काउंसलिंग के साथ उन्हें रेलपथ पर असामान्य झटके अथवा किसी भी तरह की गड़बड़ी महसूस होने पर तत्काल सतर्कता बरतने और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए संवेदनशील किया जा रहा है।
इसके अलावा ट्रेनों, स्टेशनों और रेलखंडों में अग्नि सुरक्षा को लेकर भी निगरानी बढ़ाई गई है। रेलवे ट्रैक और अन्य रेल परिसंपत्तियों के आसपास कचरा, लकड़ी आदि जलाने की घटनाओं पर नजर रखने तथा नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।