हाईटेक इंटरसेप्टर वाहनों से होगी यातायात नियम तोड़ने वालों पर निगरानी, सीओ यातायात ने दिखाई हरी झंडी

e8496360aa8d
चन्दौली। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए चन्दौली पुलिस ने आधुनिक तकनीक से लैस इंटरसेप्टर वाहनों को सड़क पर उतारा है। मंगलवार को क्षेत्राधिकारी यातायात चन्दौली कृष्ण मुरारी शर्मा ने थाना क्षेत्र चन्दौली के मझवार स्टेशन के सामने से इन अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक स्पीड लेजर गन, हाई रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइजर और अल्कोहल मीटर समेत कई अत्याधुनिक उपकरणों से लैस हैं। इनकी मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सटीक निगरानी रखी जाएगी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

इन वाहनों का प्रयोग जनपद के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, नगर क्षेत्रों तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर किया जाएगा। पुलिस टीम द्वारा ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, स्टंट ड्राइविंग, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि इन इंटरसेप्टर वाहनों के संचालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इंटरसेप्टर वाहनों का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता के साथ किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में चन्दौली पुलिस की यह पहल यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *