लो वोल्टेज और सूखी नहरों से आक्रोशित किसान, आर-पार की लड़ाई का ऐलान

700fecd8d0a7
चंदौली। बरहनी ब्लॉक के कवरूआ गांव में बिजली एवं सिंचाई की गंभीर समस्याओं को लेकर भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के बैनर तले किसानों ने बुधवार से  अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से क्षेत्र में लो वोल्टेज, बार-बार बिजली ट्रिपिंग तथा नहरों में पानी नहीं आने से धान की फसल प्रभावित हो रही है और किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

धरने पर बैठे किसानों ने कहा कि पर्याप्त बिजली न मिलने से नलकूप नहीं चल पा रहे हैं, जबकि नहरें सूखी होने के कारण खेतों के टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे धान की फसल सूखने की कगार पर है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, लो वोल्टेज एवं बिजली ट्रिपिंग की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए तथा नहरों में अविलंब पानी छोड़ा जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
धरने में दीनानाथ श्रीवास्तव, शेषनाथ यादव, मुन्ना सिंह, यादवेंद्र प्रकाश, लटूरी यादव (भूतपूर्व प्रधान), कपिलदेव पांडेय, नन्दलाल प्रजापति, सूर्यनाथ सिंह, राजू प्रजापति, पारसनाथ विश्वकर्मा, फूला देवी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *