मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए किया प्रेरित

छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करते नायब तहसीलदार सकलडीहा प्रभुनाथ यादव, दिव्यांग स्वीप आइकॉन राकेश रौशन व फ़ैयाज़ अहमद
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार सकलडीहा प्रभुनाथ यादव ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, यहां जनता मतदान के द्वारा अपने प्रतिनिधियों को चुनती है। मतदान करने के लिए मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। अतः जिनकी उम्र 01 जनवरी, 2024 को 18 साल या उससे अधिक हो रही हो, वे अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज कराएं।
विशिष्ट अतिथि जिला दिव्यांग स्वीप आइकॉन राकेश यादव रौशन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में 27 अक्टूबर से 09 दिसंबर, 2023 तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम में संशोधन कराने या किसी के मृत हो जाने पर मतदाता सूची से उसका नाम हटाने के लिए आयोग द्वारा अवसर प्रदान किया गया है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग ने छः विशेष तिथियां निर्धारित की हैं, जो 4-5 नवंबर, 25-26 नवंबर और 2-3 दिसंबर हैं। इस तिथियों पर पूरे दिन बीएलओ अपने बूथ पर उपस्थित रहकर पुनरीक्षण का कार्य करेंगे।
विशिष्ट अतिथि स्वीप सहयोगी फ़ैयाज़ अहमद ने छात्र-छात्राओं से अपील किया कि वे अपने घर व आस-पास में ऐसे लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें, जिनकी आयु 01 जनवरी, 2024 को 18 साल हो रही है। उन्होंने आगे बताया की इसके लिए वे बीएलओ के साथ ही आयोग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा नाटक और लोकगीत के माध्यम से मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का संदेश दिया गया।