नौगढ़ में दबंगों का आतंक : दलित से शराब और पैसे मांगा, माना करने पर लात घुसों से पीटा

66acc5fe0be2

रोड पर घसीटा और जाति सूचक गलियां दी, कहा थाने पर जाओगे तो जान से मार देंगे, पीड़ित ने पुलिस से लगाया न्याय की गुहार

चंदौली, सटीक संवाद। जिले के थाना नौगढ़ क्षेत्र के विशेषरपुर निवासी रामचन्द्र कनौजिया को मंगलवार की देर शाम शराब और पैसे मांगने के बहाने गांव के ही दबंग राजू तिवारी उर्फ राजेश के सह पर मनबढ़ लाल साहब यादव द्वारा भरदुआ मोड़ स्थित संदीप गुप्ता के दुकान पर लात घूंसे से जमकर पिटाई कर दी गई, यहीं नहीं जाते वक्त जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मां बहन की भद्दी भद्दी गालियां दी और कहा कि थाने पर जाओगे तो जान से मार देंगे. इसकी सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और 112 नंबर डायल कर पुलिस को तत्काल सूचना दिया. पुलिस के आने से पहले आरोपी फरार हो चुका था. पीड़ित ने बुधवार को थाने पहुंच कर तहरीर देकर न्याय की मांग की है.
पीड़ित का कहना…. 
 रामचंद्र कनौजिया ने थाना नौगढ़ की पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि 2 सितंबर की शाम करीब 6 बजे वह भरदुआ मोड़ पर सब्जी खरीदने गया था. लौटते समय पहले से मौजूद राजू तिवारी उर्फ राजेश, लाल साहब यादव और उनके साथियों ने उससे शराब और पैसा मांगा. इनकार करने पर दबंगों ने जातिसूचक गालियां दीं और लात-घूसों से हमें पीटते हुए नहर की पटरी तक घसीट ले गए. इस दौरान उन्होंने धमकी दी कि अगर थाने में शिकायत करने जाओगे तो जान से मार देंगे.

फोटो: रामचंद्र कनौजिया (पीड़ित)

प्रशासन की चुप्पी पर लोगों का बढ़ता जा रहा आक्रोश 
भीम आर्मी जिला संरक्षक रामचंद्र राम ने कहा कि रामचंद्र कनौजिया का आरोप है कि दबंगों ने उसके कपड़े तक फाड़ डाले और सरेआम अपमानित किया. उसकी चीख-पुकार पर आसपास के लोग जुटे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला. नौगढ़ इलाके में लगातार घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन चुप है.“अगर यही हाल रहा तो लोग न्याय पाने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे. दबंग पुलिस और प्रशासन को चुनौती देकर गांव में आतंक फैला रहे हैं.” आरोप लगाया कि ऐसे कई मामले हैं, पुलिस दबंगों पर ढिलाई बरत रही है और कार्रवाई में जानबूझकर लीपा पोती की जा रही है. इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ता जा रहा है. चेताया कि इस मामले में प्रशासन किसी प्रकार की हीलाहवाली करता है तो वह बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे. जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी. 

 गांव में पुलिस की गश्त बढ़ाकर सुरक्षा का भरोसा दिया जाए 
रोते बिलखते हुए रामचंद्र कनौजिया ने कहा कि मैं गरीब आदमी हूं, रोज कमाकर परिवार पालता हूं. अगर हमारी इज्जत सरेआम सड़क पर लूटी जाएगी तो हमें जीने का हक कैसे मिलेगा?” अगर पुलिस ने अब कार्रवाई नहीं की तो वह परिवार के साथ थाने पर धरना देने को बाध्य होगा. शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है. थाना पुलिस को तहरीर भी दिया है. उसका कहना है कि दबंगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी हो, गांव में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए, सुरक्षा का भरोसा दिया जाए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से धरना-प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीण संगठनों का कहना है कि इस मामले में ठोस कदम न उठाया गया तो वे जिला मुख्यालय तक आंदोलन ले जाएंगे.

घटना के बाद से पास पड़ोस के लोगों में दहशत 
ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में आए दिन घटनाएं होती हैं लेकिन पुलिस की मौजूदगी कहीं नजर नहीं आती. पास पड़ोस के रहने वाले लोगों ने कहा कि नौगढ़ क्षेत्र में चोरी, गांजा तस्करी और दबंगई की घटनाएं आम हो चुकी हैं. “पुलिस केवल तहरीर लेती है, अपराधियों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं करती है. बच्चे और महिलाएं तक डर के साये में जी रहे हैं.” लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो ग्रामीण खुद सुरक्षा का इंतजाम करने को विवश होंगे.
क्या कहती है प्रशासन?
थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिली है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. हालांकि पुलिस के इस बयान से ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आरोपी को गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता है, तब तक उनको भरोसा नहीं हो पा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *