नक्सली गतिविधियों की रोकथाम को लेकर चकरघट्टा में कांबिंग, ग्रामीणों को किया जागरूक

चकरघट्टा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों की रोकथाम के साथ पुलिस ने जन-संवाद और साइबर जागरूकता को अभियान का हिस्सा बनाया। कांबिंग के जरिए संवेदनशील जंगल क्षेत्रों की निगरानी की गई और ग्रामीणों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील की गई।

चंदौली। नक्सली गतिविधियों की रोकथाम और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए चकरघट्टा थाना पुलिस और क्यूआरटी टीम ने मंगलवार को जमसोद व पथरौल गांव के पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में सघन कांबिंग अभियान चलाया। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगलों, पगडंडियों और संभावित छिपने के स्थानों की जांच की। इसके बाद ग्रामीणों से संवाद कर संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस टीम ने जमसोद, पथरौल और आसपास के दुर्गम इलाकों में पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सतर्कता बनाए रखने की बात कही।

कांबिंग के बाद पुलिस टीम ने दोनों गांवों में ग्रामीणों के साथ चौपाल कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर जानकारी ली। युवाओं और बुजुर्गों से बातचीत कर किसी अनजान व्यक्ति की आवाजाही अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को नहीं देने तथा फर्जी बैंक कॉल, केवाईसी अपडेट, संदिग्ध लिंक और ऐप से सावधान रहने की सलाह दी। डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया ठगी और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों से भी सतर्क रहने को कहा गया।

पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 की सहायता लेने के लिए भी जागरूक किया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने क्षेत्र में वर्तमान में शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल होने की जानकारी दी। किसी नक्सली गतिविधि, संदिग्ध आवाजाही या सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार सक्रिय और सतर्क है।

थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि किसी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति को पनाह न दें। जंगल अथवा गांव के आसपास संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया।