सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प, पुलिस लाइन से थानों तक मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से देश को एकता के सूत्र में पिरोया था। राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिसकर्मियों की शपथ उसी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प है। राष्ट्र की सुरक्षा के साथ सामाजिक एकजुटता और अखंडता की रक्षा करना ही लौह पुरुष के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है

एसपी आकाश पटेल ने पुलिसकर्मियों को दिलाई राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ

चंदौली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन से लेकर जिले के सभी थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों तक राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प गूंजा।

पुलिस लाइन चंदौली में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

एसपी ने कहा कि सरदार पटेल का दूरदर्शी नेतृत्व, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण देश के इतिहास में सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और राजनीतिक दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। राष्ट्रीय एकता के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक के साथ पुलिसकर्मियों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। देश की एकजुटता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत रखने के लिए सभी को पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जनपद के समस्त थानों, चौकियों और अन्य पुलिस कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय राय, क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार सहित पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।