शाद अहमद ने संभाली धानापुर बीडीओ की कमान, राकेश मिश्रा का चकिया हुआ तबादला
राकेश कुमार मिश्रा के चकिया स्थानांतरण के बाद शाद अहमद ने धानापुर विकासखंड की कमान संभाल ली है। नवागत बीडीओ ने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाना, विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा कराना और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। उनकी कार्यशैली और प्राथमिकताओं से विकासखंड में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की उम्मीद जगी है।

चंदौ। विकासखंड धानापुर में खंड विकास अधिकारी के पद पर शाद अहमद ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व यहां तैनात रहे खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार मिश्रा का स्थानांतरण चकिया विकासखंड में कर दिया गया है। वहीं, जिला विकास कार्यालय से आए शाद अहमद ने नए बीडीओ के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
पदभार ग्रहण करने के बाद शाद अहमद ने विकासखंड कार्यालय के विभिन्न कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। साथ ही विभागीय कार्यों और शासन की ओर से संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से आपसी समन्वय, सहयोग और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
नवागत बीडीओ ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समय से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। सभी कर्मचारी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराएं।
उन्होंने कार्यालय में आने वाले फरियादियों और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने पर भी जोर दिया।