उज्ज्वला के 1.97 लाख लाभार्थियों को दीपावली की सौगात, निःशुल्क गैस रिफिलिंग के लिए मिला चेक

उज्ज्वला योजना के तहत चंदौली के 1,97,521 परिवारों को निःशुल्क गैस रिफिलिंग की सौगात मिलना महज सरकारी सहायता नहीं, बल्कि त्योहार के समय गरीब और जरूरतमंद परिवारों की रसोई का बोझ कम करने की बड़ी पहल है। दीपावली जैसे पर्व पर गैस सिलेंडर की रिफिलिंग का लाभ मिलने से परिवारों को आर्थिक राहत के साथ स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल बताती है कि जनकल्याणकारी योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे और त्योहार की खुशियां हर घर की रसोई तक महसूस हों।

चंदौली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रतीकात्मक चेक

चंदौली। दीपावली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सरकार ने राहत की सौगात दी है। जनपद के 1,97,521 लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिलिंग का लाभ दिया गया। इसको लेकर लखनऊ स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों को चेक वितरित किए और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का बुधवार को चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और देखा। इस दौरान उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस रिफिलिंग के लिए प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए।

जिले में 1,97,521 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलने से बड़ी संख्या में परिवारों को दीपावली के अवसर पर राहत मिली है। कार्यक्रम में मुगलसराय एवं चकिया विधायक के प्रतिनिधि, चकिया चेयरमैन, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।