चंदौली पुलिस संग व्यापारियों की मासिक गोष्ठी सम्पन्न

व्यापारियों से अपने अपने प्रतिष्ठानों के आगे त्रिनेत्र लगवाने,संदिग्ध व्यक्ति व वस्तु के दिखाई देने पर पुलिस को सूचना देने की अपील
चंदौली। पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में अपर पुलिस अधीक्षक सदर की अध्यक्षता मे जनपद के व्यापार मंडल के प्रतिनिधि एवं व्यापारी बन्धुओ उद्यमियों व सर्राफा व्यवसाईयों के साथ बुधवार को मासिक गोष्ठी की गई। बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा व समस्या सहित विभिन्न बिंदुओं पर परिचर्चा की गई। इस दौरान अपने अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाने एवं संदिग्ध व्यक्ति व वस्तु आदि के दिखाई देने या ऐसी किसी जानकारी पर तुरन्त पुलिस को सूचना देने हेतु सभी से अपील की गई।
गोष्ठी के दौरान विनय कुमार सिंह अपर पुलिस अधीक्षक सदर व क्षेत्राधिकारी सदर राजेश राय द्वारा व्यापारी बन्धुओं को पुलिस की तरफ से हर समय हर सम्भव सहायता व सुरक्षा का भरोसा दिया गया तथा यह भी कहा गया कि कोई भी किसी भी समय किसी भी प्रकार की समस्या व शिकायत पुलिस से बता सकता है। जिसका गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाएगा। व्यापार बंधुओं द्वारा उठायी जाने वाली समस्याओं से अवगत होने के बाद उसके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक में व्यापारियों द्वारा मुख्यतः उठाए गये मुद्दों में नगर निगम, यातायात पुलिस, पुलिस, विद्युत विभाग एवं नगर पालिका से संबंधित थे।व्यापारियों द्वारा रेहडी को पटरी पर लगाए जाने से मुख्य बाजारों में अतिक्रमण की समस्या को उठाया गया। इसके अतिरिक्त अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापारी बन्धुओं से अपने-अपने दुकानों व प्रतिष्ठानों पर पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे आपरेशन त्रिनेत्र के तहत सी0सी0टी0वी0 कैमरे लगवाने की अपील की गई।