चंदौली में गोतस्करी पर बड़ा खुलासा, आरोपियों के खातों में हुआ 22 लाख का लेन-देन, CSP से भेजे जा रहे थे गोतस्करों को पैसे

अपराध

चन्दौली। कन्दवा थाना पुलिस ने गोवध के मामले में वांछित पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर गोतस्करी के अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने गोवंश की तस्करी को बढ़ावा देने के लिए ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) के माध्यम से पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों में कुल 22 लाख रुपये का लेन-देन किया था।

पुलिस के मुताबिक, 17 अप्रैल 2026 को कन्दवा पुलिस ने बकौड़ी चौराहे के पास चेकिंग के दौरान कन्दवा से ककरैत की ओर जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया था। वाहन चालक ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास करते हुए भागने की कोशिश की। घेराबंदी कर पुलिस ने कमलेश बिन्द और शैलेन्द्र बिन्द को गिरफ्तार किया था। पिकअप से क्रूरतापूर्वक बांधकर लादे गए पांच गोवंश बरामद किए गए थे।

इस मामले में थाना कन्दवा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और बैंक खातों की जांच में पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने बताया कि हसनुज्जमान उर्फ जूवेल और खेताबुल मौलिक उर्फ सिप्पन अपने क्षेत्र के CSP केंद्रों के माध्यम से उत्तर प्रदेश और बिहार के तस्करों के बैंक खातों में रकम भेजते थे।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वर्ष 2023 से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से गाय-बैलों की खरीद-फरोख्त कर उन्हें पश्चिम बंगाल में बेचने और सप्लाई करने के अवैध कारोबार में शामिल होने की बात बताई। तस्करों को नकदी ले जाने में लूट और छिनैती के डर के कारण CSP के माध्यम से ऑनलाइन पैसे भेजे जाते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के पैकर निवासी हसनुज्जमान उर्फ जूवेल (36) और खेताबुल मौलिक उर्फ सिप्पन (28) आपस में ममेरे-फुफेरे भाई हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों मोटे कमीशन और पैसों के लालच में अन्य तस्करों के साथ मिलकर गोतस्करी के नेटवर्क को आर्थिक मदद उपलब्ध कराते थे।

दोनों के खिलाफ थाना कन्दवा में मु0अ0सं0 27/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल, रिक्रूट कांस्टेबल शिवकुमार और रिक्रूट कांस्टेबल नायब यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *