कुछ दिन पूर्व दुबई में हार्ट अटैक से हो गई थी मृत्यु
रिपोर्ट – राकेश यादव रौशन
चंदौली, मारूफपुर, 01 मार्च, 2025। क्षेत्र के तिरगावा गांव निवासी जयसिंह यादव (45) दुबई में कमाने गए थे, जहां कुछ दिन पहले हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई थी. शनिवार को उनका पार्थिव शरीर दुबई से उनके पैतृक गांव पहुंचा तो गांव में कोहराम मच गया. स्व. जयसिंह यादव अपने पीछे पत्नी प्रेमशीला और दो बच्चों को छोड़ गए हैं. वहीं पत्नी और बच्चों का रो रोकर बुरा हाल रहा.
मालूम हो कि जयसिंह 20 वर्ष की आयु में परिवार की माली हालत को देखते हुए दुबई कमाने चले गए थे. ग्राम प्रधान जमालपुर ज्ञानी जैल सिंह यादव ने बताया कि वे घर परिवार और गांव के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे, लोग उनके आने का इंतजार करते थे. चार दिन पूर्व दुबई में उनकी हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी. परिवार के लोगों के अथक प्रयास से बहुत सारी सरकारी औपचारिकताएं पूरी करने में चार दिन का समय लग गया. शनिवार को गांव में पार्थिव शरीर आने पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों की भारी भीड़ जुट गई. हर किसी की आंखे नम थीं.
इस दौरान ग्राम प्रधान ज्ञानी जैल सिंह यादव, पूर्व उप प्रमुख चहनियां रामअवध यादव, दुलारे यादव, मुख्तार मास्टर, रामसूरत, पूर्व प्रधान बाबूराम, राजेश यादव, पारस यादव, संवरू डॉक्टर, बीडीसी राजेश यादव, दया पेंटर, सतीश यादव, संतोष विश्वकर्मा, सीताराम यादव, गनेश, अतुल, गोलू, रोरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।