नाबालिग से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म

0926a362f415

शादी से इनकार और परिवार को धमकाया, पुलिस नें भेजा जेल 


चंदौली। थाना सकलडीहा क्षेत्र के एक गाँव में नाबालिग लड़की के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। वादी पिता की तहरीर पर नौरंगाबाद निवासी कुद्दूश शाह के 21 वर्षीय पुत्र अमीनुद्दीन शाह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पीड़िता को शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता और उसके परिजन आरोपी से विवाह की मांग करने लगे तो अमीनुद्दीन ने शादी से इनकार कर दिया और उसने गाली-गलौज करते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पिता की तहरीर के आधार पर संलग्न धाराओं में त्वरित मुकदमा पंजीकृत किया गया और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा। 
पुलिस ने कहा कि नाबालिग से जुड़े मामलों में सख्त सजा का प्रावधान है, इसलिए मामले की गहनता से जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आरोप सिद्ध करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोग और पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है और दोषियों को कठोर सज़ा दिलाने तथा पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं थाना प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि पीड़िता को आवश्यक परामर्श और सुरक्षा दी जा रही है तथा केस की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई न्यायालय में शेष है; पुलिस गवाहों और अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शायद आपसे छूट गई खबरें