रेलवे में डीडीयू का गौरव बढ़ा, डीजल शेड को मिला प्रतिष्ठित सम्मान

Uncategorized
डीडीयू नगर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के डीजल शेड, डीडीयू ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूर्व मध्य रेल में ‘सर्वश्रेष्ठ डीजल लोको शेड’ का प्रतिष्ठित शील्ड हासिल किया है। यह सम्मान शेड को लोकोमोटिव अनुरक्षण, कार्यकुशलता, विश्वसनीयता और परिचालन संबंधी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।

शुक्रवार को आम्रपाली प्रेक्षागृह, पाटलिपुत्र रेल परिसर, दीघा, पटना में आयोजित 71वें रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने डीजल शेड, डीडीयू की ओर से वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता/डीजल/डीडीयू मंजय कुमार सिंह को यह प्रतिष्ठित शील्ड प्रदान किया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, डीजल शेड की यह उपलब्धि लोकोमोटिव की बेहतर उपलब्धता, अनुरक्षण की गुणवत्ता, विश्वसनीयता, कार्यकुशलता तथा परिचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। इस सम्मान के बाद डीजल शेड डीडीयू सहित पूरे पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में खुशी और गौरव का माहौल है।
चार अंतरराष्ट्रीय ISO प्रमाणन भी हासिल
वित्तीय वर्ष 2025-26 में डीजल शेड, डीडीयू ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। शेड को इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट सिस्टम (IMS) के तहत ISO 9001:2015, ISO 14001:2015, ISO 45001:2018 और ISO 50001:2018 प्रमाणन प्राप्त हुआ। ये प्रमाणन क्रमशः गुणवत्ता प्रबंधन, पर्यावरण प्रबंधन, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा तथा ऊर्जा प्रबंधन की बेहतर एवं मानकीकृत कार्यप्रणाली को दर्शाते हैं।
इलेक्ट्रिक लोको के अनुरक्षण में 48 प्रतिशत बढ़ोतरी
डीजल शेड की उपलब्धियों में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव अनुरक्षण भी अहम रहा। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के Major Schedule (TOH एवं IOH) के निष्पादन में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इससे शेड की कार्यक्षमता और अनुरक्षण क्षमता में उल्लेखनीय सुधार का पता चलता है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि शेड के अधिकारियों और कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण, टीम भावना तथा लगातार किए गए अथक प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है। प्रतिष्ठित शील्ड मिलने पर डीजल शेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर/हाजीपुर तथा मंडल रेल प्रबंधक/डीडीयू के प्रति आभार जताया।
उन्होंने भविष्य में भी डीजल एवं इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के अनुरक्षण में उत्कृष्टता बनाए रखने तथा रेल परिचालन को सुरक्षित, सुचारु और विश्वसनीय बनाने में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *