नाबालिक दलित छात्र को स्कूल से घर लौटते समय बेरहमी से पीटा, गंभीर घायल

e158b46db6ac
आधा दर्जन के खिलाफ शिकायत दर्ज, हिस्ट्रीशीटर का नाम भी शामिल

सकलडीहा,(चंदौली)। कोतवाली क्षेत्र में एक दलित नाबालिग छात्र को स्कूल से घर लौटते समय दर्जनभर युवकों ने घेरकर बेरहमी से पीटा। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। पीड़ित छात्र के पिता ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचकर आधा दर्जन युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें एक हिस्ट्रीशीटर का नाम भी शामिल है।

फ़ोटो-कोतवाली में घायल युवक

सकलडीहा कोतवाली के बरठी गांव निवासी पंचम राम, जो सीआरपीएफ में तैनात हैं, के पुत्र लक्ष्मी नारायण गौतम भोजापुर के डॉ. अम्बेडकर स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र हैं। मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद जब लक्ष्मी नारायण घर जा रहे थे, तो भोजापुर-चतुर्भुजपुर मार्ग पर भोजापुर गांव के बगीचे के पास करीब एक दर्जन युवकों ने उन्हें घेर लिया। 

फोटो: थाने में पहुंचे पीड़ित नाबालिक छात्र के पिता के साथ ग्रामीण 

आरोप है कि हमलावरों ने मुंह बांधकर छात्र पर बेल्ट, डंडे और रॉड से हमला किया, जिससे वह सड़क पर गिर गया।इस हमले में लक्ष्मी नारायण की पीठ और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं, जहां डंडे, रॉड और बेल्ट के निशान साफ देखे जा सकते हैं। उसे बचाने आए साथी छात्रों को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटा। 
सरेराह हुई इस मारपीट से इलाके में अफरातफरी मच गई और राहगीर भयभीत हो गए। पीड़ित छात्र के पिता पंचम राम ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उनके बेटे का बाइक चलाते समय एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उसका हाथ टूट गया था। वह अभी उस चोट से उबर भी नहीं पाया था कि उस पर यह हमला हो गया।
पंचम राम ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सकलडीहा कोतवाल दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *