मुगलसराय में मंगलसूत्र चोरी का खुलासा, तीन महिलाएं गिरफ्तार,मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद

मुगलसराय पुलिस ने टोटो में महिला को बातचीत में उलझाकर मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी करने के मामले में बिहार की तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर चोरी गया लॉकेट बरामद किया है।

मुगलसराय, चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने टोटो में सवार महिला को बातचीत में उलझाकर उसके मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी करने के मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान बिहार के आरा और रोहतास जिले की निवासी दुर्गा देवी (20), नैना देवी (22) और देवपरी (45) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों ने करीब 10-12 दिन पहले टोटो में सवार महिला को बातों में उलझाकर लॉकेट चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को महमूरगंज, वाराणसी निवासी अनुराधा सोनकर अपने भांजे के जन्मदिन में शामिल होने के लिए बस से बिछड़ी, थाना अलीनगर, चंदौली आ रही थीं। रास्ते में परमार कटरा में सामान खरीदने के बाद वह टोटो में सवार होकर चकिया तिराहे पर अपने भाई की दुकान के पास उतरीं।

भाई के पूछने पर उन्हें पता चला कि उनके गले से मंगलसूत्र का लॉकेट गायब है। महिला ने बताया कि टोटो में सवार तीन अन्य महिलाओं ने उन्हें बातचीत में उलझाया था। इसी दौरान उनका लॉकेट चोरी कर लिया गया।

मामले में वादिनी की सूचना पर 29 सितंबर 2026 को थाना मुगलसराय में मुकदमा अपराध संख्या 507/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और उच्चाधिकारियों के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर की रात करीब 10:43 बजे जीटीआर ब्रिज के पश्चिम पुलिस कॉलोनी रेलवे पटरी के किनारे मंदिर के पास से तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से पुलिस ने चोरी गया एक मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद किया। पूछताछ में महिलाओं ने करीब 10-12 दिन पहले टोटो में बैठी महिला को बातचीत में उलझाकर लॉकेट चोरी करने की बात स्वीकार की। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।

गिरफ्तार महिलाओं में दुर्गा देवी पत्नी प्रतीक, निवासी ग्राम दोहरा, थाना बिहिया, जिला आरा, बिहार, उम्र करीब 20 वर्ष; नैना देवी पत्नी श्याम खरवार, निवासी अकोड़ी विदेशी टोला, थाना अकोड़ी, जिला रोहतास, बिहार, उम्र करीब 22 वर्ष; तथा देवपरी पत्नी अजय राम, निवासी ग्राम काली माई धरारा, थाना बिहिया, जिला आरा, बिहार, उम्र करीब 45 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक बृज मोहन सिंह, हेड कांस्टेबल रितेश सिंह, कांस्टेबल धनन्जय राय, विनय वाजपेयी, अशोक कुमार यादव (चालक), महिला कांस्टेबल रिंशू सिंह और महिला कांस्टेबल अंशिका शामिल रहीं।