डीडीयू नगर रेलवे कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों में सड़क-नाला सुधार कार्य तेज, कई परियोजनाएं निर्माणाधीन

डीडीयू मंडल में रेलवे कॉलोनियों और प्रमुख संपर्क मार्गों की सड़क व जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के लिए कई परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। करीब 700 मीटर मार्ग की गड्ढा मरम्मत पूरी हो चुकी है, जबकि 3.6 किलोमीटर मार्ग पर CRMB सड़क निर्माण शुरू है। इसके अलावा करोड़ों रुपये की आरसीसी सड़क और नाला निर्माण परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।

डीडीयू नगर, चंदौली। पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में रेलवे कॉलोनियों और प्रमुख संपर्क मार्गों की सड़क व जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के लिए विभिन्न कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के दिशा-निर्देशन में इंजीनियरिंग विभाग द्वारा कहीं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली गई है, तो कहीं आरसीसी सड़क और नाले का निर्माण शुरू हो चुका है। प्रमुख मार्गों के स्थायी सुधार के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं पर निविदा और कार्यालयी प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के गेट संख्या-1 से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय भवन तक करीब 700 मीटर लंबे मार्ग पर बारिश से बने गड्ढों की मरम्मत पूरी कर ली गई है। अब अगले कुछ सप्ताह में पूरे मार्ग पर बिटुमिन कार्पेटिंग कराने की तैयारी है। इसके साथ मार्ग के किनारे ड्रेनेज व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा, जिससे बारिश के पानी की निकासी बेहतर हो सकेगी।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय भवन से प्लांट डिपो मार्ग पर भी गड्ढों की पैच मरम्मत पूरी कर ली गई है। करीब 2.4 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के स्थायी सुधार के लिए लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी सड़क और साइड ड्रेन बनाने की योजना है। इसके लिए कार्यालयी प्रक्रिया जारी है।

इसी क्रम में जीटी रोड से वैगन केयर सेंटर तक करीब 3.6 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सड़क निर्माण का काम शुरू हो गया है। लगभग 7.19 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क में क्रम्ब रबर मॉडिफाइड बिटुमेन (CRMB) तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस तकनीक में बिटुमेन के साथ रबर के बारीक टुकड़ों का मिश्रण इस्तेमाल किया जाता है, जिससे सड़क को लचीलापन और मजबूती मिलती है।

इस परियोजना में सड़क निर्माण के साथ कवरयुक्त आरसीसी नाले का निर्माण भी शामिल है। इसके तहत जीटी रोड से आरपीएफ कॉलोनी, लोको कॉलोनी से जीटी रोड तथा यूरोपियन कॉलोनी के मुख्य नाले से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे। सड़क और नाले के संयुक्त सुधार से आवागमन के साथ जलनिकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाने का लक्ष्य है।

जीटी रोड से लोको एवं हॉपर कॉलोनी होते हुए डीजल कॉलोनी जाने वाले करीब तीन किलोमीटर लंबे मार्ग पर आरसीसी सड़क निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। लगभग 3.55 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से डीजल शेड, टीआरएस शेड और डीएफसीसी से जुड़े भारी वाहनों के आवागमन वाले मार्ग की स्थिति में सुधार किया जाएगा।

इसी तरह मानस नगर तालाब से गया कॉलोनी मार्ग पर करीब 1.3 किलोमीटर लंबी आरसीसी सड़क के निर्माण की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। लगभग 4.65 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में कवरयुक्त आरसीसी नाले का निर्माण भी शामिल है।

वहीं जीटी रोड से केंद्रीय विद्यालय, मानस नगर कॉलोनी तक करीब 400 मीटर लंबे मार्ग के सड़क सुधार के लिए जोनल रोड वर्क के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
रेलवे की इन परियोजनाओं में तत्काल मरम्मत के साथ स्थायी सड़क निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था को एक साथ मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। आरसीसी सड़क, बिटुमिन कार्पेटिंग और कवरयुक्त नालों के निर्माण से रेलवे कॉलोनियों तथा प्रमुख संपर्क मार्गों पर आवागमन सुगम होने के साथ बारिश के दौरान जलनिकासी व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।