चंदौली निर्माणाधीन पुलिस लाइन में 25 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली समाचार पुलिस लाइन
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर गांव के समीप निर्माणाधीन पुलिस लाइन में गुरुवार की भोर 25 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर साथी मजदूर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र के बावला गांव निवासी वापी मोमिन (25) पुत्र रोबिन मोमिन भोजापुर के समीप निर्माणाधीन पुलिस लाइन में अपने चाचा के साथ मजदूरी करता था। निर्माणाधीन परिसर में अन्य मजदूरों के साथ वह भी काम कर रहा था।

बताया गया कि मंगलवार की रात अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। हालत बिगड़ने पर साथी मजदूरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में हलचल मच गई।

घटना की जानकारी मिलने पर सकलडीहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूरों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।

सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृत युवक को पहले भी एक बार हार्ट अटैक आ चुका था। हालांकि, वर्तमान में हुई मौत की वजह के संबंध में पुलिस किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *