बबुरी पुलिस का एक्शन: 21 जून के खूनी संघर्ष के आरोपी को दबोचा

c2a1e1bfae75

चंदौली, 12 जुलाई। बबुरी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को ग्राम कोदोचक नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे ग्राम कोदोचक में विवादित जमीन पर बनी नाली की सफाई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने एक राय होकर फावड़ा, लाठी और डंडों से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिससे पीड़ित के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर बबुरी थाने में मु0अ0सं0 86/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 190, 191(2), 191(3), 109(1), 115(2) एवं 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत बबुरी पुलिस ने रविवार सुबह अभयराज उर्फ राजन उर्फ अभिराज (27 वर्ष), पुत्र अनिल मौर्य, निवासी ग्राम कोदोचक, थाना बबुरी को ग्राम कोदोचक नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक किशोर कुमार चौबे, उपनिरीक्षक रामबिशुन राम, हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार, कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार तथा आरक्षी दीपक यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *