कटसिला में रास्ते के विवाद बना खूनी संघर्ष, तीन नामजद गिरफ्तार

8f803f6fbdb7
चंदौली, 12 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटसिला में रास्ते के विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और एक डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 11 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे वादिनी मुन्नी देवी की पुत्री शौच के लिए घर से निकली थी।

आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने रास्ते पर अवरोध खड़ा कर मार्ग बंद कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। बीच-बचाव करने पहुंचे मुन्नी देवी और उनके पति विरेंद्र पर विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। 
हमले में विरेंद्र के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि मुन्नी देवी और उनकी पुत्री भी घायल हो गईं। घायलों को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली चंदौली में मु.अ.सं. 385/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115(2), 352, 351(2) एवं 109 में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षकों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार सुबह करीब 8:54 बजे ग्राम कटसिला से तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान महेन्द्र पुत्र स्व. लालता, नितेश पुत्र महेन्द्र तथा राकेश पुत्र महेन्द्र, निवासी ग्राम कटसिला, थाना व जिला चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और एक डंडा भी बरामद किया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक कन्हैयालाल मौर्य, उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह तथा कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *