✍ संजय कुमार दिनकर | 28 सितंबर 2026
चंदौली। सकलडीहा थाना पुलिस ने 28 सितंबर को सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर चेकिंग के दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 22.5 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार बरामद शराब में 8PM कंपनी की 750 एमएल की 18 बोतल और ऑफिसर चॉइस कंपनी के 180 एमएल के 50 टेट्रा पैक शामिल हैं। गिरफ्तार तीनों युवक बिहार के पटना जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फोटो : सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर शराब के साथ गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी और पुलिस टीम।
पुलिस के मुताबिक उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में सकलडीहा पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर करीब 9:30 बजे तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू राय पुत्र कृष्ण राय उम्र करीब 25 वर्ष, नितिश कुमार पुत्र विग्गन राय उम्र करीब 22 वर्ष और सूरज कुमार पुत्र नन्दा राय उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों ग्राम नया टोला देदौर, थाना बख्तियारपुर, जनपद पटना, बिहार के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे लाइसेंसी शराब की दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब खरीदकर इकट्ठा करते हैं। इसके बाद ट्रेन के माध्यम से शराब बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचते हैं और मुनाफा कमाते हैं। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस मामले में थाना सकलडीहा पर मु.अ.सं. 189/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामद शराब में 8PM कंपनी की 18 बोतल, प्रत्येक 750 एमएल तथा ऑफिसर चॉइस कंपनी के 50 टेट्रा पैक, प्रत्येक 180 एमएल शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक अभिमन्यु राय, कांस्टेबल संदीप यादव, कांस्टेबल सतीश पटेल और कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती शामिल रहे।