चंदौली में अधिवक्ता ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, सड़क पर मिले 50 हजार रुपये थाने में जमा कराए
सड़क पर मिली 50 हजार रुपये की बड़ी धनराशि को अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंपना अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह की ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। जहां खोई हुई रकम किसी परिवार के लिए बड़ी आर्थिक परेशानी बन सकती है, वहीं उनका यह कदम भरोसे और मानवीय मूल्यों को मजबूत करता है।

बरौनी माइनर के पास मिली नोटों की गड्डी, असली मालिक की तलाश में जुटी कन्दवा पुलिस
चंदौली। जिले के कन्दवा थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है। सड़क किनारे गिरे 50 हजार रुपये मिलने पर उन्होंने उसे अपने पास रखने के बजाय सीधे थाने पहुंचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अब पुलिस धनराशि के वास्तविक मालिक की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे ग्राम घोसवा निवासी अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बरौनी माइनर के पास सड़क किनारे उन्हें 500-500 रुपये के नोटों की एक गड्डी दिखाई दी। गिनती करने पर उसमें कुल 50 हजार रुपये मिले।
अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह ने बिना देर किए कन्दवा थाने पहुंचकर पूरी धनराशि पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने उनके इस सराहनीय कदम की सराहना करते हुए जनरल डायरी में आवश्यक प्रविष्टि दर्ज की और रुपये सुरक्षित रखने के लिए मालखाने में जमा करा दिए।
पुलिस के मुताबिक, धनराशि के वास्तविक मालिक की पहचान और सत्यापन के बाद रुपये वापस किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस ने आमजन और मीडिया के माध्यम से सूचना प्रसारित कराई है, ताकि रुपये खोने वाला व्यक्ति थाने तक पहुंच सके।
ऐसे मिलेगी धनराशि
जिस व्यक्ति के 50 हजार रुपये गिरे हैं, वह थाना कन्दवा के थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल से मोबाइल नंबर 9454403192 पर संपर्क कर सकता है। संबंधित व्यक्ति को थाने पहुंचकर अपनी पहचान और धनराशि से जुड़े उचित प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे। सत्यापन के बाद ही रुपये सुपुर्द किए जाएंगे।