सकलडीहा पीजी कॉलेज में छात्रों को बताए बचत और निवेश के तरीके
सकलडीहा पीजी कॉलेज में 60 से अधिक छात्र-छात्राओं को बचत, निवेश, एसआईपी और आर्थिक सुरक्षा के गुर सिखाए गए। विशेषज्ञ पलक लोटिया ने नियमित बचत और सोच-समझकर निवेश करने का महत्व बताया।
सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा पीजी कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित निवेशक जागरूकता कार्यक्रम में 60 से अधिक छात्र-छात्राओं को बचत, म्यूचुअल फंड, एसआईपी और आर्थिक सुरक्षा की जानकारी दी गई। अर्थशास्त्र विभाग के सहयोग से एडुफिन वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञ पलक लोटिया ने विद्यार्थियों को नियमित बचत और सोच-समझकर निवेश करने के तरीके बताए।

वर्ल्ड इन्वेस्टर अवेयरनेस वीक (5 से 11 अक्टूबर) के तहत दोपहर एक बजे आयोजित कार्यक्रम में पलक लोटिया ऑनलाइन माध्यम से जुड़ीं। उन्होंने सरल भाषा में बचत की आदत विकसित करने, निवेश के विकल्प चुनने और भविष्य की आर्थिक जरूरतों के लिए योजना बनाने की जानकारी दी।
उन्होंने चक्रवृद्धि की शक्ति, म्यूचुअल फंड, सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी), आपातकालीन कोष और महंगाई के प्रभाव से बचत की क्रय शक्ति सुरक्षित रखने के महत्व को समझाया। साथ ही वित्तीय फैसलों में होने वाली आम गलतियों से बचने और निवेश से पहले संबंधित जानकारी हासिल करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएं रखीं। वर्ष 2010 से वित्तीय क्षेत्र में प्रशिक्षक के रूप में सक्रिय पलक लोटिया SEBI, NISM, NSE और BSE सहित विभिन्न संस्थाओं की संसाधन व्यक्ति हैं।
इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग के प्रभारी प्रो. इन्द्रदेव सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. योगेंद्र तिवारी, डॉ. मीनू श्रीवास्तव, डॉ. सीता मिश्रा, डॉ. वंदना कुमारी और डॉ. रजनीश गुप्ता सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम निःशुल्क एवं शैक्षिक रहा। अंत में आयोजकों ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।